Navi Mumbai Municipal Corporation

    Loading

    नवी मुंबई: कोपरखैरने (Koparkhairane) और घनसोली (Ghansoli) में अवैध तौर से 2 इमारतों का निर्माण किया जा रहा था। इन सभी अवैध निर्माणों (Illegal Constructions) को नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के कोपरखैरने और घनसोली विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में तोड़ने का काम किया गया। इसके लिए 5 ब्रेकर, 2 गैस कटर और 1 जेसीबी का इस्तेमाल किया गया। इस तोडू कार्रवाई को अंजाम देने के लिए 20 मजदूरों की मदद ली गई।

    नवी मुंबई महानगरपालिका से मिली जानकारी के अनुसार, कोपरखैरने विभाग के तहत आने वाले सेक्टर-2 और 12 में अवैध तौर से 2 इमारतों का निर्माण किया जा रहा था। इन दोनों निर्माणों के लिए महानगरपालिका के संबंधित विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी। इस संबंध में इन इमारतों का निर्माण करने वालों को नोटिस देकर अवैध निर्माण को बंद करने और हटाने के लिए कहा गया था। जिसकी अनदेखी होने पर इन दोनों अवैध निर्माणों को तोड़ने का काम किया गया। इस काम के लिए 1 गैस कटर, 2 ब्रेकर और 8 मजदूरों की मदद ली गई।

    सुरक्षा के लिए पुलिस का दस्ता रहा मौजूद

    कोपरखैरने की तरह ही ‌घनसोली के अर्जुनवाड़ी में 2 ठिकानों पर अवैध तौर से इमारतों का निर्माण किया जा रहा था। इन निर्माणों के लिए महानगरपालिका के संबंधित विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य था, फिर भी बगैर महानगरपालिका की अनुमति के इन दोनों ठिकानों पर इमारतों का निर्माण किया जा रहा था। जिसे तोड़ने का काम महानगरपालिका के घनसोली विभाग के अधिकारी की मौजूदगी में किया गया। इस काम के लिए 3 ब्रेकर,1 जेसीबी और 1 गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। इस कार्रवाई के लिए 12 मजदूरों की मदद ली गई। इस कार्रवाई के दौरान महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पुलिस का दस्ता मौजूद था।