Jewel of Navi Mumbai

    Loading

    नवी मुंबई: ‘क्वीन नेकलेस’ के नाम से मशहूर पाम बीच (Palm Beach) मार्ग के पास स्थित नेरुल (Nerul) के सेक्टर-26 में स्थित जलाशय के आसपास का प्राकृतिक सौन्दर्य नवी मुंबई (Navi Mumbai) में आने वालों को आकर्षित कर लेता है। इस क्षेत्र को और आकर्षक बनाने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) द्वारा यहां पर ‘ज्वेल ऑफ नवी मुंबई’ नामक पर्यटन स्थल के विकास पर विशेष ध्यान दिया रहा है। इस क्षेत्र को हरा भरा बनाने के लिए महानगरपालिका द्वारा यहां पर मियावाकी पद्धति से 1 लाख 20 हजार पौधे लगाने का नियोजन किया गया था, जिसमें से 48 हजार पौधे लगाना बाकी है। जिसे मई माह के अंत तक लगाने का निर्देश महानगरपालिका कमिश्नर ने संबंधित विभाग को दिया है।

     नेरुल में बनाए जा रहे ज्वेल ऑफ नवी मुंबई के काम का निरीक्षण महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर द्वारा किया गया। इस दौरान महानगरपालिका कमिश्नर बांगर ने यहां पर बच्चों के लिए ध्यान केंद्र, नेचर वॉक, साइकिल ट्रैक, आकर्षक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर इस क्षेत्र को पर्यटन के लिए अधिक से अधिक आकर्षक बनाने का निर्देश महानगरपालिका से संबंधित विभाग को दिया। इस मौके पर महानगरपालिका के बगीचा विभाग उपायुक्त जयदीप पवार, अतिरिक्त अभियंता मनोज पाटिल, कार्यकारी अभियंता अरविंद शिंदे सहित संबंधित विभाग के इंजीनियर, अधिकारी और ग्रीन यात्रा संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

    पौधों को 24 घंटे जलापूर्ति करने का निर्देश

    ज्वेल नवी मुंबई के क्षेत्र में लगाए गए और लगाए जा रहे पौधों को 24 घंटे पर्याप्त पानी की आपूर्ति करने का निर्देश महानगरपालिका कमिश्नर द्वारा महानगरपालिका के संबंधित विभाग को दिया गया है। उन्होंने इसके लिए महानगरपालिका के मल निस्सारण केंद्र में शुद्ध किए गए पानी का उपयोग करने का निर्देश दिया है। महानगरपालिका कमिश्नर ने बताया कि मियावाकी पद्धति से लगाए गए 1.5 फीट ऊंचे पौधे वर्ष भर में 10 से 15 फीट तक बढ़ते हैं। जिसके चलते यहां पर नागरिकों को जंगल की प्राकृतिक शांति का अनुभव होगा। इस शांतिमय वातावरण में 2 स्थानों पर ध्यान केंद्र बनाए जा रहे है। यहां पर पर्याप्त शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी महानगरपालिका कमिश्नर ने दिए हैं।

    दुनिया भर में बढ़ते तापमान पर अंकुश लगाने के लिए वृक्षारोपण एक मात्र उपाय है। यह ग्लोबल वार्मिंग का एक प्रभावी समाधान है। नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा महानगरपालिका क्षेत्र की आबादी के हिसाब से प्रति 4 व्यक्ति पर 3 पेड़ होने का लक्ष्य हासिल किया है। अब इसे प्रति व्यक्ति एक पेड़ तक बढ़ाने की योजना पर काम किया जा है। इसके लिए कोपरखैरने के नेचर पार्क और नेरुल के ज्वेल ऑफ नवी मुंबई के अलावा शहर के 5 अन्य स्थानों को हरा भरा बनाने का नियोजन किया गया है।

    -अभिजीत बांगर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका