Property will be confiscated if tax is not paid, notice to 26 people

    Loading

    नवी मुंबई. संपत्ति कर (Property Tax) भरने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के द्वारा अभय योजना (Abhay Yojana) लागू की गई थी। इसके बावजूद भी कई लोग अब भी संपत्ति कर भरने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे 26 लोगों की संपत्ति को जब्त करने की नोटिस (Notice) महानगरपालिका के संपत्ति कर विभाग द्वारा अब दी गई है।

    गौरतलब है कि संपत्ति कर के बकायेदारों के बारे में जानकारी लेने के लिए महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ 28 मई 2021 को समीक्षा बैठक की थी। जिसमें उन्होंने संपत्ति कर के बकायेदारों की संपत्ति को जब्त करने की नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। जिस पर अमल करते हुए महानगरपालिका के संबंधित विभाग ने अब 26 लोगों को नोटिस जारी किया है। जिसकी अनदेखी करने वालों की संपत्ति को जब्त करके उसे नीलाम करने की बात का उल्लेख इस नोटिस में किया गया है।

    ज्यादा से ज्यादा संपत्ति कर वसूलने का निर्देश

    संपत्ति कर के बारे में मनपा कमिश्नर बांगर ने 16 जून 2021 को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।जिसमें उन्होंने कहा कि अगस्त 2021 में कोरोना की तीसरी लहर के आने की संभावना है। जिसकी रोकथाम और इससे संक्रमित होने वाले के उपचार के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काफी राशि खर्च करनी पड़ सकती है। जिसे ध्यान में रखते हुए 31 जुलाई तक अधिक से अधिक संपत्ति कर वसूल करने के बारे में फोकस करने की जरूरत है।