राजस्व विभाग समय के अनुसार खुद को बदलें: राजेश नार्वेकर

    Loading

    ठाणे : राजस्व विभाग (Revenue Department) के कार्य में आधुनिक तकनीक को अपनाकर आम आदमी को राहत देने का काम किया जाना चाहिए। साथ ही सभी को अपने स्वास्थ्य (Health) का ध्यान रखना भी जरूरी है। उक्त मत ठाणे के कलेक्टर राजेश नार्वेकर (Collector Rajesh Narvekar) ने व्यक्त किया। वे राजस्व दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित नियोजन भवन के समिति भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर प्रशांत देशमुख, रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर सुदाम परदेशी, डिप्टी कलेक्टर गोपीनाथ ठोंबरे, रेवती गायक, अर्चना कदम, रोहित राजपूत आदि उपस्थित थे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और फिट रहने की सलाह दी। राज्य सरकार ने 40 साल से ऊपर के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मेडिकल जांच कराना अनिवार्य कर दिया है। 

    427 अधिकारियों और कर्मचारियों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण

    ठाणे जिला राजस्व प्रशासन ने ठाणे के एक प्रसिद्ध अस्पताल के सहयोग से मामूली कीमत पर इस स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की है। अगले वर्ष अधिकारी कर्मचारी की पत्नी की भी स्वास्थ्य जांच की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि ठाणे के एक प्रतिष्ठित अस्पताल के सहयोग से राजस्व प्रशासन के 40 वर्ष से ऊपर के लगभग 427 अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस अवसर पर उनके हाथों से अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिनिधि रूप में स्वास्थ्य जांच के लिए पत्र दिया गया। 

    चुनाव पहचान पत्र को आधार से जोड़ अभियान की भी हुई शुरुआत 

    इस अवसर पर कलेक्टर नार्वेकर द्वारा चुनाव पहचान पत्र को आधार से जोड़ने के अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी राजी थोटे, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश शिंदे, तहसीलदार राजेंद्र चव्हाण, राजाराम तावटे, जयराज देशमुख, नायब तहसीलदार दिनेश पैठणकर सहित लगभग 66 उत्कृष्ट कार्य अधिकारी और कर्मचारी कलेक्टर नार्वेकर के हाथों सम्मान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।