abu-azmi

Loading

भिवंडी: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष विधायक अबू आसिम आजमी (Abu Asim Azmi) द्वारा भिवंडी शहर (Bhiwandi City) जिला सपा की कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। भिवंडी शहर जिला कार्यकारिणी बर्खास्त होने से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मुंह लटक गए हैं। गौरतलब है कि सपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी को पार्टी पदाधिकारियों द्वारा सपा विधायक होने के बावजूद सही तरीके से जनहित कार्य को अंजाम नहीं देने की बार-बार शिकायतें मिल रही थी। 

सपा विधायक रईस शेख जहां अपने तरीके से कार्य करने के लिए जाने जाते हैं, वहीं सपा के तमाम पदाधिकारी,कार्यकर्ता विधायक  द्वारा किए जा रहे मनमानी पूर्ण कार्यों से नाराज चल रहे थे। सूत्रों की मानें तो सपा विधायक शेख और सपा पदाधिकारियों के बीच चल रही अनबन की वजह से पार्टी को नुकसान हो रहा था। 

कार्यकर्ताओं से मिल रही थी बार-बार शिकायत

सपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से मिल रही बार-बार शिकायत के बाद प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए पार्टी को मजबूत किए जाने का हवाला देते हुए पुराने इतिहास को दोहराते हुए एक बार फिर से सपा भिवंडी शहर जिला की सपा कार्यकारिणी को बर्खास्त कर दिया है।

पार्टी में कोई अंतर्कलह नहीं

उक्त संदर्भ में सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी का कहना है कि पार्टी में कोई अंतर्कलह नहीं है। विधायक रईस शेख जनहित में अच्छा कार्य कर रहे हैं। सपा पार्टी एकजुट है। आगामी महानगरपालिका चुनाव के लिए पार्टी की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना है। आगामी महानगरपालिका चुनाव में समाजवादी पार्टी बहुमत से चुनाव जीतकर मेयर बनाएगी और शहर का सर्वांगीण विकास करेगी।