उल्हासनगर में सांसद श्रीकांत शिंदे के कार्यालय पर पथराव

    Loading

    उल्हासनगर: उल्हासनगर (Ulhasnagar) में पिछले चार दिनों से सतर्क भूमिका निभा रहे शिवसैनिकों (Shiv Sainiks) ने आखिरकार शनिवार को अपना आपा खो दिया और नाराज शिवसैनिकों ने उल्हासनगर कैम्प क्रमांक-2 गोल मैदान स्थित शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे (Shiv Sena MP Shrikant Shinde) के जनसंपर्क कार्यालय पर पथराव कर कार्यालय में तोड़फोड़ कर अपनी नाराजगी प्रदर्शित की और नगरविकास मंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

    शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे के बगावत के बाद पिछले चार दिनों से उल्हासनगर में शिवसैनिक खामोश थे। शिंदे के बगावत को शिवसेना के 40 विधायकों ने समर्थन दिया, जिससे एक ऐसा माहौल बन गया जैसे महाराष्ट्र में शिवसेना एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में आ गई। इस बीच, उल्हासनगर शिवसेना के उपशहर प्रमुख अरुण आशान ने शहर में कुछ चौकों पर बैनर लगाकर कहा था कि वह एकनाथ शिंदे के साथ है। इस बीच, शनिवार दोपहर एकनाथ शिंदे के बेटे सांसद श्रीकांत शिंदे के कार्यालय उल्हासनगर पर नाराज शिवसैनिकों ने पथराव कर दिया। इस घटना से उल्हासनगर में हड़कंप मच गया है। 

    पुलिस ने किया चार-पांच लोगों को गिरफ्तार

    ठाणे जिला एकनाथ शिंदे और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे का गढ़ बन गया है। जिले का उल्हासनगर एक महत्वपूर्ण शहर है, डोंबिवली के बाद सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे का उल्हासनगर शहर में ऑफिस है। सिंधी बहुल शहर उल्हासनगर में सांसद शिंदे को अच्छा बहुमत मिला था। इसके अलावा ढाई साल पहले हाथ से फिसलती उल्हासनगर महानगरपालिका की सत्ता भी सांसद शिंदे के जरिए वापस मिली। लेकिन एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद पहला खुला विरोध ठाणे जिले में वह भी उस निर्वाचन क्षेत्र में हुआ जहां से उनके बेटे भी सांसद है। इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस ने मौके से चार से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।