ठाणेकरों को पार्किंग की समस्या से मिलेगा छुटकारा, जल्द शुरू होगी सुविधा

    Loading

    ठाणे : ठाणे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आने जाने वाले ठाणेकरों (Thane Residents) को अब पार्किंग (Parking) की समस्या से जल्द छुटकारा मिलने वाला है। महानगरपालिका (Municipal Corporation) द्वारा बनाए जा रहे गांवदेवी भूमिगत पार्किंग (Gaondevi Underground Parking) का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब इस भूमिगत पार्किंग प्लाजा को केवल लिफ्ट और फायर एनओसी मिलने का इंतजार है।  इन दोनों की अनुमति मिलते ही भूमिगत पार्किंग प्लाजा को शुरू कर दिया जाएगा। 

    ठाणे स्टेशन परिसर की ट्रैफिक समस्या को सुलझाने के लिए गांवदेवी में महानगरपालिका द्वारा स्मार्ट सिटी योजना के तहत भूमिगत पार्किंग प्लाजा का निर्माण महानगरपालिका ने किया है। इस पार्किंग प्लाजा का कार्य पूर्ण हो चुका है। महानगरपालिका अधिकारियों के मुताबिक इस पार्किंग प्लाजा को शुरू करने के लिए लिफ्ट और फायर एनओसी की आवश्यकता है। जल्द ही दोनों अनुमति मिल जाएगी और पार्किंग प्लाजा को आम नागरिकों की सेवा के लिए खोल दिया जाएगा उक्त जानकारी स्मार्ट सिटी के सीईओ और महानगरपालिका अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी ने दी है।  

    पार्किंग दर भी हुआ निश्चित  

    दोपहिया वाहन पार्किंग के पहले दो घंटे के लिए 10 रुपए का शुल्क लिया जाएगा, वहीं अगले दो से चार घंटे तक पांच रुपए की बढ़ोतरी की जाएगी। अगले एक घंटे के लिए 5 रुपए का अतिरिक्त शुल्क भी लिया जाएगा। उसी प्रकार चार पहिया वाहनों के लिए पहले दो घंटे के लिए 25 रुपए, अगले दो से चार घंटे के लिए 5 रुपए और अगले चार घंटे के लिए 10 रुपए का शुल्क लिया जाएगा। जबकि यहां नाइट पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी जिसकी मासिक दर 1000 रुपए होगी। 

    मैदान भी खोलेगी महानगरपालिका 

    एक तरफ जहां अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ यहां के मैदान को खेल प्रेमियों के लिए पहले ही खोल दिया जाएगा। संदीप मालवी ने बताया कि मैदान को पहले की तरह खेलने के लिए मिट्टी डालकर तैयार कर दिया गया है। 

    पार्किंग प्लाजा की जानकारी

    पार्किंग प्लाजा का निर्माण 700 वर्ग मीटर में किया गया है। इस हिसाब से यहां 130 चार पहिया और 120 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। यह स्टेशन के पास पहला भूमिगत पार्किंग स्थल होगा। इसके लिए 27 करोड़ रुपए का फंड खर्च किया गया है।