voter list

    Loading

    कल्याण : महाराष्ट्र प्रदेश में 14 महानगरपालिका (Municipal Corporation) के आम चुनाव के लिए प्रकाशित वार्डवार (Ward Wise) मसौदा मतदाता सूची (Voter List) पर आपत्ति और सुझाव दाखिल करने की समय सीमा 3 जुलाई 2022 तक बढ़ा दी गयी है। ग्रेटर मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली,उल्हासनगर, वसई विरार, पुणे, पिंपरी-चिंचवाड, सोलापुर, कोल्हापुर, नासिक, अकोला, अमरावती और नागपुर महानगरपालिका चुनाव के लिए वार्डवार मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। 

    वार्डवार मसौदा मतदाता सूचियां संबंधित महानगरपालिका, उनकी वेबसाइटों और ट्रू-वोटर मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं। आपत्ति और सुझाव दाखिल करने की समय सीमा 1 जुलाई थी, लेकिन अब इस समय सीमा को बढ़ाकर 3 जुलाई कर दिया गया है। इसके लिए रविवार और शनिवार को भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। आपत्ति और सुझाव महानगरपालिका कार्यालय या उनके द्वारा अधिकृत स्थान पर और ट्रू-वोटर मोबाइल एप के माध्यम से भी दर्ज कराये जा सकते हैं। 

    इस तरह आपत्ति दर्ज करा सकते हैं

    ट्रू-वोटर मोबाइल ऐप को प्ले स्टोर से आपके मोबाइल में डाउनलोड किया जा सकता है और आपका नाम वार्डवार मसौदा मतदाता सूची में पता किया जा सकता है और यदि कोई आपत्ति है, तो शिकायत भी दर्ज की जा सकती है। वोटर लिस्ट सर्च मेन्यू पर क्लिक करने के बाद आप अपना नाम और मोबाइल नंबर डालकर आगे बढ़ सकते हैं। नाम खोजने पर आपकी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। इस संबंध में आपत्तियों के लिए मतदाता सूची आपत्ति पर क्लिक कर मतदाता सूची चुनाव कार्यक्रम 2022 का चयन कर उचित विकल्प पर जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। 

    विधानसभा क्षेत्रों की सूची को वार्डों से विभाजित करते समय राज्य चुनाव आयोग के पास नए नाम जोड़ने या नाम छोड़ने का अधिकार नहीं है। यदि किसी मतदाता को गलत वार्ड आवंटित किया जाता है या उसका नाम महानगरपालिका की मतदाता सूची में नहीं है, भले ही उसका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में हो, तो आपत्ति दर्ज की जा सकती है। आपत्ति और सुझाव दाखिल करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है, राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, अंतिम वार्डवार मतदाता सूची 9 जुलाई, 2022 को जारी की जाएगी।