Cold
File

    Loading

    ठाणे : उत्तर भारत (North India) में शुरू शीत लहर और पिछले दो दिन पहले रिमझिम की बरसात का असर अब दैनिक तापमान (Temperature) पर नजर आ रहा है। ठाणे में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस (Degrees Celsius) कम है। अर्थात पिछले एक सप्ताह के तापमान पर नजर डाला जाए तो यह इस सीजन में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इस वजह से सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।

    ठाणे महानगरपालिका (Thane Municipal Corporation ) क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी ठंड होने की बात कही है। महानगरपालिका प्रदूषण विभाग के अनुसार तापमान गिरने से ठंडी हवाएं चल रही और इसके कारण सर्दी भी बढ़ी है। उत्तर भारत में पिछले हफ्ते से कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। ऐसे में अब कई राज्य भी शीतलहर की चपेट में हैं। दरअसल पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह ठंडी हवाएं चल रही हैं और ठंड लगातार बढ़ रही है। जिसका असर अब महाराष्ट्र में भी दिखाई दे रहा है। 

    गौरतलब है की इसका असर आर्थिक राजधानी मुंबई के साथ-साथ इसके पड़ोसी शहर ठाणे में दिखाई दे रहा है। शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने से जनजीवन पर थोड़ा प्रभाव पड़ रहा है। ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र से लेकर कल्याण, अंबरनाथ, बदलापुर और ग्रामीण क्षेत्र तक के कई इलाकों में न्यूनतम 16 से 14 डिग्री तक भी पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले हफ्ते कुछ हद तक ठंड रहने का अनुमान और फिर इसके बाद धीरे-धीरे ठंड कम होगी और गर्मी बढ़ने लगेगी। 

    ठाणे में औसत तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा

    वहीं ठाणे महानगरपालिका में जनवरी को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज की गई है और 5 जनवरी को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री, 6 जनवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, 8 जनवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और 10 जनवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान में सीधे 3 डिग्री की गिरावट के साथ सबसे कम 16 डिग्री दर्ज की गई है। रविवार को एक तरफ मुंबई जैसी जगहों पर बादल छाए रहे। हालांकि, शाम तक ठाणे में औसत तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को ठाणे में अधिकतम तापमान 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 

    इस प्रकार गिरा तापमान 

    रविवार की शाम के बाद पारा धीरे-धीरे नीचे चला गया। रविवार शाम सात बजे तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पारा नीचे आते ही ठाणे के नागरिकों ने इस सर्दी की ठंड का अनुभव किया। सुबह 7.30 बजे इस सर्दी का सबसे कम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं पिछले साल 17 जनवरी 2020 को ठाणे में सबसे कम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

    इस तरह रखें सर्दियों में शरीर का ख्याल 

    मेट्रोपॉल अस्पताल के एमडी और संचालक राहुल उमाशंकर पांडेय ने कहा कि बारिश के बाद वायरल इंफेक्शन होने की संभावनाएं ज्यादा होती हैं। वहीं शीतलहर के कारण ठंड लगना और जुकाम जैसी वायरस जनित बीमारियां भी बढ़ती हैं। ऐसे मौसम में गर्म पेय पदार्थ पिए। एकदम से गर्म स्थान को छोड़कर ठंडे में न जाएं।  जिन्हें जुकाम या खांसी जैसी दिक्कतें हैं, वे मुंह पर कपड़ा रखें ताकि इसका वायरस नहीं फैले। बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। मौसम के अनुसार कपड़ों का चयन करें। छोटे बच्चे को सुबह और शाम के समय जमीन या फर्श पर नंगे पैर न उतरने दें।अगर ठंड लग जाती है, तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेकर इलाज करवाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि ठंडी हवा, कम तापमान से रक्त धमनियों के सिकुड़ने से इनफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जिसके लिए सावधानी बरतनी काफी आवश्यक है। जैसे-जैसे ठंड बढ़ती जाती है शरीर को ज्यादा ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। ऐसे में शरीर को ज्यादा भोजन की जरूरत भी महसूस होती है। तो सर्दियों में ठंड से बचने का सबसे सरल तरीका है कि आपको जमकर खाना है। सुबह उठने के बाद नाश्ता आधे घंटे के बाद जरूर करें। ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट और फाइबर फूड जरूर शामिल करें। 

    कई बार लोग गलत कपड़ों का इस्तेमाल करते हैं। ठंड के मौसम में गर्म कपड़ों के साथ ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जो बाहर की हवा को शरीर तक पहुंचने से रोकते हैं। शरीर को ढकने के साथ कान, हाथ और पैरों को भी ठीक कपड़ों से ढकें। अगर बाहर निकलते हैं तो हाथ के दस्ताने और पैरों में ऊनी मोजे जरूर पहनें। चेहरे को ढ़कने के लिए मोफलर का उपयोग सबसे अच्छा होता है। कितनी भी ठंड हो वॉकिंग जरूर करनी चाहिए। शरीर को गर्माहट देने के साथ पैदल चलने का सबसे बड़ा फायदा रक्त संचार को मिलता है। नियमित तौर पर पैदल चलने से ब्लड सर्कुलेशन अर्थात रक्त संचार बेहतर होता है। ठंड से बचने का यह सबसे अच्छा तरीका है। अगर आप बाहर नहीं जा सकते हैं तो घर के अंदर ही 40 मिनट तक पैदल चल सकते हैं।