tmc

    Loading

    ठाणे: ठाणे महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. विपिन शर्मा (Thane Municipal Commissioner Dr. Vipin Sharma) ने 3 हजार 299 करोड़ रुपए का सालाना बजट (Budget) पेश किया। डॉ. शर्मा द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान पेश किया गया यह दूसरा बजट है, वहीं यह बजट पूरी तरह चुनावी बजट (Election Budget) लगा। क्योंकि इस वर्ष किसी भी प्रकार के कर (Tax) और दर में वृद्धि नहीं की गई है और पिछले साल की तरह इस साल भी बिना नई बड़ी परियोजनाओं (Projects) की घोषणा किए इस बजट में ठाणे महानगरपालिका की देनदारी कम करने पर जोर दिया गया है।   

    चूंकि निकट भविष्य में मुंबई, ठाणे और कल्याण-डोंबिवली जैसे महानगरपालिकाओं के चुनाव होंगे, ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि ठाणे महानगरपालिका के बजट में ठाणेकर पर कोई कर वृद्धि नहीं होगी, जो सच साबित हुई। 

    बजट में 25 नई योजनाओं को शामिल किया गया

    उल्लेखनीय है कि इस साल भले ही कोई बड़ी नई परियोजनाओं की घोषणा नहीं की गई हो, लेकिन ठाणेकरों को सुविधाएं और मनोरंजन प्रदान करने के लिए इस साल के बजट में 25 नई योजनाओं को शामिल किया गया है। कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण सभी उद्योगों, व्यवसायों और रोजगार पर इसके प्रभाव के कारण, अपेक्षित करों, दरों और शुल्कों को छोड़कर शेष महानगरपालिका से अपेक्षित राजस्व प्राप्त नहीं हुआ था। नतीजतन, महानगरपालिका की वित्तीय स्थिति कमजोर हुई। वर्ष 2021-22 का मूल बजट 2755 करोड़ 32 लाख था। हालांकि कुछ विभागों से अपेक्षित राजस्व नहीं मिल रहा है, लेकिन वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए मूल बजट 3299 करोड़ रुपए का संशोधित बजट पेश किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 544 करोड़ 32 लाख रुपए अधिक है। 

    ठाणेकरों को मिली नई परियोजनाएं 

    • ठाणे शहर को तालाबों के शहर के रूप में जाना जाता है। शहर की इस पहचान को बनाए रखने के लिए इस वर्ष विभिन्न तालाबों का सौंदर्यीकरण करने की योजना है और इसके लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।
    • जांभली नाका मार्केट के पुनर्विकास के लिए 5 करोड़
    • जांभली नाका में शिवाजी मंडई सब्जी मंडी और मछली बाजार के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए की राशि का प्रस्ताव किया गया है।
    • शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए इस बजट में 10 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। साथ ही अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए भी 10 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।

    सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत और अद्यतनीकरण के लिए 26 करोड़

    शहर की सभी मलिन बस्तियों में शौचालयों की मरम्मत और आधुनिकीकरण के लिए 11 करोड़ रुपए की राशि जल्द ही शुरू की जाएगी और 15 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। शौचालय की मरम्मत और उन्नयन के लिए कुल 26 करोड़ रुपए उपलब्ध होंगे। 

    शहर के सौंदर्यीकरण के लिए 155 करोड़

    ठाणे महानगरपालिका एक महत्वाकांक्षी शहर सौंदर्यीकरण परियोजना शुरू करने की योजना बनाई है। शहर के सौंदर्यीकरण के तहत विभिन्न कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना योजना तैयार की गई है और जल्द ही 130 करोड़ रुपए के कार्य किए जाएंगे। इसके लिए बजट में 25 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए कुल 155 करोड़ रुपए उपलब्ध होंगे। 

    • स्कूल परिसर में सुरक्षा उपायों के लिए 10 करोड़
    • अर्बन डेंस फॉरेस्ट्री के लिए 5 करोड़
    • थीम पार्क के लिए 2 करोड़
    • सड़क सुरक्षा और फुटपाथ के लिए 10 करोड़
    • जलापूर्ति के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 50 करोड़
    • यातायात नियमन उपाय 10 करोड़
    • सड़क कार्यों के लिए 250 करोड़
    • गड्ढों को भरने के लिए 10 करोड़ 
    • फिल्म संस्थान के लिए 5 करोड़

    ठाणे शहर में एक फिल्म संस्थान स्थापित करने की योजना बनाई है। इसके माध्यम से फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की कोशिश के तहत बजट में 5 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। 

    ठाणे महानगरपालिका प्रशासन पर 142 करोड़ का कर्ज 

    वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 107 करोड़ 67 लाख अनुदान की उम्मीद थी। दिसंबर 2021 के अंत तक 322 करोड़ 15 लाख अनुदान प्राप्त हो चुके हैं। मुख्य रूप से क्लस्टर योजना के लिए 149 करोड़, 15वें वित्त आयोग से 24.15 करोड़ और वायु गुणवत्ता सब्सिडी के लिए 48.30 करोड़, माझी वसुंधरा पुरस्कार के लिए 5 करोड़ रुपए का अतिरिक्त अनुदान प्राप्त होने से सुधारित अंदाज पत्रक में 342 करोड़ 97 लाख रुपए मिलने की उम्मीद रखा गया है और सन 2022-23 के आर्थिक वर्ष के लिए 111 करोड़ 70 लाख रुपए का अनुदान आने की उम्मीद है। साथ ही ठाणे महानगरपालिका प्रशासन पर 142 करोड़ का कर्ज है। 

    2,140 करोड़ का राजस्व व्यय

    हम सभी जानते हैं कि विकास कार्यों के लिए अपर्याप्त धन है क्योंकि कोरोना में आपात स्थिति में चिकित्सा सेवाओं और सुविधाओं के लिए बहुत बड़ा परिव्यय है। इस वित्तीय वर्ष में राजस्व व्यय के कुछ प्रमुख पहलुओं पर संशोधित बजट में प्रावधानों में वृद्धि की गई है। इसमें 223 करोड़ रुपए कोरोना नियंत्रण उपायों के लिए, 44 करोड़ रुपए पानी खरीद के लिए और 76 करोड़ रुपए परिवहन सेवाओं के लिए शामिल हैं। इसलिए संशोधित बजट में राजस्व व्यय को बढ़ाकर 2140 करोड़ 23 लाख कर दिया गया है। 935.37 करोड़ पूंजीगत व्यय के लिए प्रस्तावित किया गया था। नगरसेवक निधि स्पिल ओवर, वार्ड सुधार निधि स्पिल ओवर के साथ-साथ इस वित्तीय वर्ष के लिए पूंजीगत व्यय को कुछ राशि तक कम कर दिया गया है, पिछड़ा वर्ग निधि स्पिल ओवर के लिए बढ़ा दी गई है और पूंजीगत व्यय 1119 करोड़ 1 लाख तक बढ़ा दिया गया है। 

    क्लस्टर के लिए 149 करोड़ रुपए

    इस वर्ष के बजट में ठाणेकर के लिए एक महत्वाकांक्षी क्लस्टर योजना को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।  इस बजट में 149 करोड़ रुपए का भारी प्रावधान किया गया है।  चुनावी साल होने के कारण मतदाताओं को खुश करने के लिए क्लस्टर योजना को बजट में शामिल किया गया है।  हाल ही में ट्रांजिट भवन का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया है और वास्तविक कार्य स्थल से 500 मीटर की दूरी पर ट्रांजिट कैंप लगाए जाएंगे।

    कोरोना में खर्च हुए 230 करोड़ रुपए

    कोरोना ने टीएमसी की वित्तीय स्थिति को भी प्रभावित किया है। पिछले दो सैलून में कोरोना के नियंत्रण और उपाय योजनाओं पर टीएमसी ने अब तक 230 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। दूसरी ओर, भले ही कोरोना की लहर कम हो गई हो, कोई यह नहीं कह सकता कि यह फिर से नहीं होगा, इसलिए इस साल के बजट में कोरोना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जबकि पिछले साल कोरोना के लिए 81 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। 

    दायित्व कम करना प्राथमिकता

    टीएमसी कमिश्नर डॉ. विपिन शर्मा का कहना है कि इस साल के बजट में किसी बड़ी परियोजना की घोषणा नहीं की गई है और पुराने योजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया गया है। 31 मार्च तक 620 करोड़ बिलों का भुगतान किया जाएगा। ठाणे को पिछले साल तक 850 करोड़ रुपए का बिल चुकाना था। हालांकि, 31 मार्च तक 620 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा, जिसमें से 2019-20 तक 100 प्रतिशत बिलों का भुगतान करने का लक्ष्य है। 

    विभिन्न विभागवार प्रावधान

    • विभागीय निधि का प्रावधान (करोड़ में- प्रतिशत)
    • स्वास्थ्य – 317.20 – 10%
    • जलापूर्ति – 322.29 – 10%
    • शिक्षा – 324.44 – 10%
    • सड़कें, पैदल पुल, सबवे – 285.87 – 9%
    • ठाणे परिवहन – 151.10 – 5%
    • ठोस कचरा, प्रदूषण – 715.89 – 21%
    • नागरिक सुरक्षा – 196.83 – 6%
    • आर्थिक रूप से कमजोर घटक – 235.69 – 7%
    • सामान्य व्यय – 749.69 – 22%
    • कुल प्रावधान – 3299.00 – 100 %
    • विभागवार अपेक्षित आय
    • विभाग:  2021-22 के लिए संशोधित अनुमानित राजस्व (करोड़ में)
    • 2022-23 अपेक्षित आय (करोड़ में)
    • शहर का विकास – 941.64 – 500.42
    • संपत्ति – 596.39 – 713.77
    • एलबीटी – 971.99 – 1239.39
    • पानी बिल – 158 – 200
    • अग्निशमन – 98.28 -104.80
    • रियल एस्टेट – 15.33 – 21.5
    • विज्ञापन – 12 – 22

    बजट की विशेषताएं 

    • कोई कर वृद्धि नहीं
    • बजट में 545 करोड़ की बढ़ोतरी
    • इस साल का बजट भी मितव्ययी
    • किसी नए बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं
    • दायित्व कम करने की प्राथमिकता
    • क्लस्टर के लिए 149 करोड़ का प्रावधान
    • कोरोना के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
    • शहर के सौंदर्यीकरण पर जोर
    • पिछले 5 वर्षों का बजट (करोड़ में)

    साल का बजट

    • 2022-23- 3299
    • 2021-22 – 2755
    • 2020-2021 3780
    • 2019-20: 3861
    • 2018-19: 3695.13
    • 2017-18: 3390