केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने बचत गट की महिलाओं को दिया भरोसा, PM द्वारा दिए जायेंगे 10,000 प्रति महीने

Loading

भिवंडी : देश भर की बचत गट (Savings Group) में सहभागी 9 करोड़ महिलाओं (Women) की कमाई बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की सरकार प्रयत्नशील है। महिलाओं की कमाई प्रतिमाह रुपए 10 हजार तक किए जाने के लिए मोदी सरकार द्वारा बजट में 6 लाख 26 हजार करोड रुपए की निधि बचत गटों को आवंटित की है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार (Central Government) कृत संकल्पित है। आगामी समय में प्रत्येक महिला की कमाई प्रतिमाह 10 हजार रुपए किए जाने का लक्ष्य मोदी सरकार द्वारा निश्चित किया गया है। लखपति दीदी की संकल्पना को भी मूर्त रूप दिए जाने का काम शुरू है। उक्त उद्गार केंद्रीय ग्रामविकास और पंचायती राज मंत्री गिरीराज सिंह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस अवसर पर आयोजित शाहपुर में बचत गट महिला मेलावा में किया। 

भिवंडी लोकसभा सांसद और केंद्रीय पंचायत राज राज्य मंत्री कपिल पाटिल द्वारा भी ठाणे जिला का बृजेश्वरी माडल समूचे देश में पहुंचाए जाने की घोषणा महिला मेलावा में की गई.उक्त मौके पर पूर्व विधायक पांडुरंग बरोरा, बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश पाटील, दशरथ तिवरे, बीजेपी तालुका अध्यक्ष भास्कर जाधव, सुभाष हरड, जिला अधिकारी अशोक शिनगारे, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनुज जिंदल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रुपाली सातपुते, प्रकल्प संचालक छायादेवी शिसोदे, आसनगाव सरपंच रविना कचरे, उपसरपंच राहुल चंदे सहित भारी तादाद में बीजेपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नागरिक मौजूद थे। 

गौरतलब हो कि महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवन संवर्धन अभियान-उमेद, ठाणे जिला अभियान व्यवस्थापन कक्ष द्वारा महिला दिन के अवसर पर शहापुर स्थित आसनगाव में आयोजित स्वयं सहायता गट की महिलाओ की कार्यशाला और जिला स्तरीय सरस प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह द्वारा किया गया। केंद्रीय पंचायत राज राज्यमंत्री कपिल पाटील की अध्यक्षता में संपन्न हुई कार्यशाला में करीब 25 हजार से अधिक महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। 

2024 तक 10 करोड़ महिलाओं को बचत गट से जोड़ने का लक्ष्य

बचत गट की महिलाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय ग्राम विकास और पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेसी सरकार में महिला बचत गट को कर्ज के लिए सिर्फ 86 हजार करोड़ रुपए उपलब्ध कराए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए बचत गटों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए देश भर में 86 लाख बचत गट के माध्यम से कार्य कर रही 9 करोड़ बहनों के लिए 6 लाख 26 हजार करोड़ का कर्ज उपलब्ध कराकर आर्थिक मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले समूचे देश में 2 करोड़ 33 लाख महिला बचत गट कार्यरत थे जो अब बढ़कर 9 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। 2024 तक 10 करोड़ महिलाओं को बचत गट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने अधिकारियों से बचत गट की महिलाओ को दुग्धव्यवसाय से जोड़ने, नये तंत्रज्ञान का उपयोग, ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से मजबूत करने, बचतगट के उत्पादन को बाजार देने के लिए फ्लिपकार्ट, अमेज़न, जेम पोर्टल और सरस प्रदर्शन के माध्यम से किए जाने पर ध्यान देने को कहा। केंद्रीय पंचायत राज राज्य मंत्री कपिल पाटिल ने कहा कि मुंबई-ठाणे शहर जैसी बड़ी बाजार किसानों को उपलब्ध है। दूध और सब्जी का उत्पादन करके बचतगट को बड़ा आर्थिक फायदा मिल सकता है। ठाणे जिला में महिलाओ द्वारा तैयार किया गया `वज्रेश्वरी’ ब्रॅण्ड देशभर में पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर ग्राम विकास और पंचायत राज मंत्रालय द्वारा किया जाएगा। 

जिले में स्थित 15 ग्राम पंचायतों में लगाए जाने वाले सोलर पैनल को बचत गटों द्वारा तैयार कर शासन को सौंपने पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और कपिल पाटिल द्वारा संयुक्त रूप से महिला बचत गट की पुस्तिका का अनावरण और सुषमा स्वराज पुरस्कार वितरण करने के साथ ही यशस्वी बचत गटों का गौरव किया गया। 

महिला बचत गट को तत्काल मिले कर्ज मंजूरी

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ठाणे जिले के बचत गट की महिला सदस्यों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने और प्रतिमा कम से कम 10 हजार की कमाई करने के लिए केंद्रीय पंचायत राज्य मंत्री कपिल पाटिल और जिला आधिकारी अशोक सिंगारे को फौरन उपयोजना बनाए जाने का निर्देश दिया है। जिला आधिकारी अशोक सिंगारे ने गाय, भैंस, बकरी, सिलाई मशीन सहित अन्य जरूरी सामग्री निर्माण के लिए बचत गटों को जरूरी कर्ज संबंधी तमाम सहायता दिए जाने का भरोसा दिया है।