Navade Flyover Bridge

    Loading

    नवी मुंबई: पनवेल-मुंब्रा मार्ग (Panvel-Mumbra Road) पर नावडे फाटा से नावडे गांव तक के क्षेत्र में होने वाले सड़क हादसों (Road Accidents) को टालने के लिए एमएमआरडीए (MMRDA) द्वारा उड़ान पुल का निर्माण किया गया है, जिसका उद्घाटन करने के लिए शासन और प्रशासन के लोगों के पास समय नहीं है, जिसकी वजह से यहां पर सड़क हादसे और ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई थी, जिसे दूर करने के लिए शेकाप के नगरसेवक और पदाधिकारियों द्वारा इस उड़ान पुल का उद्घाटन किया गया। जिसके बाद से इस उड़ान पुल पर से वाहनों का दौड़ना शुरू हो गया है।

    गौरतलब है कि पनवेल-मुंब्रा मार्ग पर वर्ष 2018 में उक्त उड़ान पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। 1250 मीटर लंबे और 23 मीटर चौड़ा यह उड़ान पुल अप्रैल 2022 में बनकर तैयार हुआ। इसके निर्माण के लिए एमएमआरडीए द्वारा लगभग 75 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। तैयार होने के बावजूद इसका उद्घाटन लालफीताशाही में लटका हुआ था। जिसकी वजह से नावड़े गांव और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को जान हथेली पर लेकर सड़क को पार करना पड़ रहा था। 

    जाम की समस्या से लोग थे परेशान

    वहीं, उड़ान के शुरू नहीं होने से वाहन चालकों का जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। नागरिकों व वाहन चालकों की इस परेशानी को दूर करने के लिए स्थानीय नगरसेवक अरविंद म्हात्रे के नेतृत्व में शेकाप के पदाधिकारियों, सरपंच, उप सरपंच द्वारा इस उड़ान पुल को अब वाहनों के लिए खुला कर दिया गया है, जबकि बीजेपी के लोगों द्वारा रात में उक्त उड़ान पुल का उद्घाटन किया गया।

     यातायात जाम में फंसी थी गर्भवती महिला

    स्थानीय नगरसेवक अरविंद म्हात्रे ने बताया कि उक्त उड़ान पुल को वाहनों के लिए खुला करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से लगातार मांग की जा रही थी, लेकिन वह सिर्फ तारीख पर तारीख दे रहे थे। म्हात्रे ने बताया कि विगत सप्ताह पनवेल-मुंब्रा मार्ग पर यातायात जाम हो गया था, जिसमें रिक्शा में सवार एक गर्भवती महिला फंसी हुई थी, जिसे किसी तरह रिक्शा से निकालकर अन्य वाहन से अस्पताल भेजना पड़ा था। इस घटना के बाद क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच और नागरिकों के साथ बैठक करने के बाद उड़ान पुल का उद्घाटन करने का निर्णय लिया गया, जिसके बारे में शासन और प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन किसी ने सकारात्मक कदम नहीं उठाया, जिसके बाद उक्त उड़ान पुल का उद्घाटन जनहित में करना पड़ा।

    नावडे फाटा से नावडे गांव तक बने उड़ान पुल के शुरू होने से यहां पर होने वाली यातायात जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा, इसके साथ ही यहां पर होने वाले सड़क हादसों में कमी आएगी।

    -महेश पाटिल, पुलिस निरीक्षक, तलोजा यातायात नियंत्रण विभाग