अगले 10 दिनों में दिखने लगेंगे शहर के सौंदर्यीकरण के  विजुअली परिणाम: अर्जुन अहिरे

    Loading

    कल्याण : कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (Kalyan-Dombivli Municipal Corporation) के सिटी इंजीनियर अर्जुन अहिरे (Arjun Ahire) बताया कि कल्याण-डोंबिवली में सामाजिक संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों और नागरिकों की जनभागीदारी से शहर के सौंदर्यीकरण (Beautification) की गतिविधियों को क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसके परिणाम अगले दस दिनों में देखने को मिलेंगे। उन्होंने यह जानकारी शहर के सौंदर्यीकरण की पहल के तहत कल्याण पश्चिम के मोहने इलाके के शहाड जकात नाका से शनिवार सुबह सफाई अभियान के तहत बोलते हुए दी। 

    कल्याण-डोंबिवली की सूरत बदलने और एक स्वच्छ और सुंदर शहर का दर्जा दिलाने के लिए वर्तमान में केडीएमसी प्रशासन स्तर पर काफी प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल को अब जनभागीदारी और शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और लोगों का साथ मिल गया है। इसमें नागरिकों के साथ-साथ कई निर्माणकर्ता भी अनायास ही शामिल हो गए हैं। शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान के तहत चौराहों का सौंदर्यीकरण, डिवाइडरों की सफाई और रंगाई-पुताई, यातायात टापूओं का जीर्णोद्धार, सड़कों के किनारों की सफाई, टूटे पेवर ब्लॉकों की मरम्मत, सड़कों के किनारों की धूल की सफाई जैसे कार्य होंगे। इस अवसर पर शहर अभियंता अर्जुन अहिरे ने ऐसी जानकारी दी। 

    इसके अनुसार हमेशा उपेक्षा का रोना रोने वाले दुर्गाडी बाइपास क्षेत्र की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। शहर अभियंता अर्जुन अहिरे ने भी इस बार आह्वान किया कि यदि आपके पास नवीन अवधारणाएं हैं जो आपके शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए शहरों की सुंदरता में इजाफा करती हैं तो आगे आएं और अपनी भागीदारी दर्ज करें। शहर अभियंता अर्जुन अहिरे सहित ठोस अपशिष्ट विभाग के उपायुक्त अतुल पाटिल, महानगरपालिका सचिव संजय जाधव, कार्यकारी अभियंता जगदीश कोरे, प्रशांत भागवत, सहायक आयुक्त राजेश सावंत, सुहास गुप्ते सहित निर्माण विकासकर्ता विजय रूपावत, मोहित सिरनानी भी मौजूद रहे। 

    भविष्य में तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जायेगा

    मोहने में स्वच्छता अभियान के बाद शहर अभियंता अर्जुन अहिरे ने आधारवाड़ी जेल रोड क्षेत्र स्थित तालाब का भी निरीक्षण किया। इस स्थान पर देखने में आया कि महानगरपालिका और मोहिंदर सिंह काबुल सिंह स्कूल की एनएसएस टीम द्वारा झील और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन झील क्षेत्र की सफाई के बावजूद निर्माल्य और प्लास्टिक की थैलियों सहित अन्य कचरा अक्सर डंप किया जा रहा है। शहर अभियंता अर्जुन अहिरे ने बताया कि निकट भविष्य में तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जायेगा।