भिवंडी के अंबाड़ी में किसान क्यों हैं नाराज, यहां पढ़ें डिटेल्स

    Loading

    भिवंडी: भिवंडी (Bhiwandi) के अंबाड़ी ग्रामीण क्षेत्र (Ambari Rural Area) में शासन द्वारा धान खरीदी (Paddy Purchased) पर बोनस (Bonus) रकम नहीं दिए जाने से नाराज ग्रामीण क्षेत्र के किसानों (Farmers) ने इस वर्ष धान नहीं लगाने का मन बनाया है। ग्रामीण क्षेत्र के किसान एकजुट होकर सभी किसानों से धान की फसल न लगाने पर जोर दे रहे हैं।

    गौरतलब है कि कोरोना संकटकाल के दो वर्षों में ठीक से खेती न होने से किसानों की कमर टूट गई है। ग्रामीण क्षेत्र स्थित अम्बाडी परिसर के किसानों का कहना है कि सरकार ने धान की खरीदी 1,950 रुपए में किया बावजूद शासन से मिलने वाला 700 रुपए प्रति कुंटल बोनस नहीं दिया गया। बोनस नहीं मिलने की वजह से किसानों को भारी घाटा उठाना पड़ा। कई किसानों ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि कर्ज लेकर हम धान, गेहूं सहित अन्य फसलों की खेती करते हैं, लेकिन आपदाकाल सहित जरूरत पड़ने पर किसान को कोई मदद शासन नहीं देता है।

    शासन से मदद नहीं मिलने पर किसान हो जाते हैं कर्जदार

    शासन से कोई मदद नहीं मिलने पर किसान कर्जदार हो जाते हैं और पारिवारिक संकट से घिर कर आत्महत्या तक विवश हो जाते हैं। शासन द्वारा धान बिक्री पर बोनस नहीं दिए जाने से किसानों को धान बिक्री में भारी घाटा उठाना पड़ा है। भिवंडी तालुका अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 58 हजार हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती होती है। शासन को धान, गेहूं सहित अन्य फसलों की खरीदी के समय किसानों की सहायता करनी चाहिए और किसानों का नुकसान न हो इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए।