Deepak Kesarkar
ANI Photo

    Loading

    मुंबई. शिवसेना (Shiv Sena) के बागी विधायक एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने गुरुवार को महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री (Maharashtra CM) के रूप में शपथ ले ली है। जबकि, देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने राज्य के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) पद की शपथ ली है। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसी के साथ शिंदे महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री बने हैं।

    शपथ समारोह के बाद शिवसेना के विधायक दीपक केसरकर ने गोवा में एक पत्रकार परिषद में कहा कि, 106 विधायक होने के बावजूद बीजेपी ने (एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने का) यह फैसला लिया। इसका मतलब है कि उन्होंने बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने कहा कि, देवेंद्र फडणवीस जैसे ही कैबिनेट में प्रवेश करेंगे, यह कैबिनेट के लिए एक बढ़ावा होगा। दिल्ली से मंजूरी मिलने में मदद मिलेगी।

    दीपक केसरकर ने कहा कि, हिंदुत्व को मानने वाली 2 पार्टियां अलग हो गई थी, आज फिर से साथ जुड़ गई है। हमारे 50 साथियों का योगदान महत्वपूर्ण है। वो चाहते थे कि शिंदे साहब को एक बार मुख्यमंत्री पद मिलना चाहिए भाजपा ने इस फैसले को स्वीकार किया।

    शिवसेना विधायक ने आगे कहा कि, उनके सबसे बड़े नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा ने यह भावना प्रदर्शित की कि अगर हिंदुत्व के साथ आगे बढ़ने के लिए उन्हें कुछ कदम पीछे रहना है… उन्हें अपनी तरफ से एक उप मुख्यमंत्री होने के बारे में कोई आपत्ति नहीं थी। उन्होंने इसका खुले दिल से स्वागत किया। अच्छी सरकार बन रही है।

    उन्होंने कहा कि, कहा जा रहा था कि देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम पद से नाराज हैं लेकिन मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं। वह इतने कुशल हैं कि सभी पदों पर अच्छा काम करते हैं। वह राज्य के लिए एक संपत्ति है। अगर वह अपने अधूरे सपनों के प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए मंत्रालय में हैं, तो यह अच्छा होगा।