ZP Budget

    Loading

    • अंतिम विशेष सभा में उपाध्यक्ष ने किया पेश 
    • वर्ष 2022-23 में अनेक कामों का समावेश

    वर्धा. सोमवार को जिला परिषद की विशेष सभा में उपाध्यक्ष तथा वित्त समिति की सभापति वैशाली येरावार ने वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश किया़  20 करोड़ 2 लाख 66 हजार 100 रु़ के बजट को सभी सदस्यों ने मंजूरी प्रदान की़  नए आर्थिक वर्ष में विभिन्न कार्यों का समावेश किया गया़  बजट में पंचायत राज कार्यक्रम, जलापूर्ति व स्वच्छता विभाग के कामों पर अधिक खर्च को प्राथमिकता दी है़ इसके अलावा अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई. 20 मार्च को जिप के पदाधिकारियों का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है.  

    21 मार्च से जिप पर प्रशासक राज शुरू हो जाएगा़ 14 मार्च को जिप की अंतिम आमसभा बुलाई गई. जिप अध्यक्ष सरिता गाखरे की अध्यक्षता में विशेष सभा शुरू हुई़ बैठक में उपाध्यक्ष तथा वित्त समिति सभापति वैशाली येरावार, सभापति माधव चंदनखेड़े, विजय आलावे, मृणाल माटे, सरस्वती मडावी, अतिरिक्त मुकाअ सत्यजीत बडे, उपमुकाअ विपुल जाधव, गुटनेता नितिन मडावी, गुटनेता संजय शिंदे सहित सभी सदस्य मौजूद थे.

    सभागृह को दिया सिंधुताई सपकाल का नाम 

    सर्वप्रथम जिप के सभागृह का सिंधुताई सपकाल नामकरण किया गया़  सिंधुताई की फोटो का अनावरण किया गया़  पशुधन विकास अधिकारी डा़ वंजारी ने जिप की सूचना पुस्तिका तैयार करने में योगदान देने, बतौर कोविड योध्दा उल्लेखनीस काम करने पर उन्हें प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया़  सन 2017-22 में चलाये गए विभिन्न योजना तथा नाविन्यपूर्ण-वैशिष्ट्यपूर्ण कामों की संकल्पपूर्ति पुस्तिका का विमोचन किया़  पश्चात उपाध्यक्ष येरावार ने सन 2021-22 के संशोधित 26 करोड़ 51 लाख 99 हजार 200 रुपए का बजट रखते हुए विस्तृत जानकारी दी़  पश्चात सन 2022-23 इस आर्थिक वर्ष के लिए 20 करोड़ 2 लाख 66 हजार 100 रु़ का बजट पेश किया, जिसे चर्चा के बाद सभी ने मंजूरी प्रदान की. 

    सभा में सदस्यों ने रखे विभिन्न मुद्दे

    धनराज तेलंग ने जिप की आय बढ़ाने की दृष्टि से जिप की मालकियत की खाली जगह का विकास करने, जिप स्कूलों के विद्यार्थियों को दी जानेवाली दुय्यम टीसी पर शुल्क लगाने के संबंध में कार्यवाही करने की मांग की़  इस पर अप्रैल 2022 से अमल करने के निर्देश जिप अध्यक्ष ने दिए़  जिप स्कूलों में कक्षा 1 से 4 थी के विद्यार्थियों को बैठने के लिए आसनपट्टी उपलब्ध कराने की मांग की. सन 2022-23 के 15 वें वित्त आयोग अंतर्गत जिप को मिलने वाला दस प्रश (बंधित) टाईड अनुदान रु़ 3.99 करोड़ एवं (अबंधित) अनटाईड अंतर्गत 2.66 करोड़ के अनुदान से जिप सदस्यों ने सूचित किये गए कामों को प्रारूप में मंजूरी देने पर बात बनी.  

    जिप अध्यक्ष आवास योजना चलाई जाएगी

    जिले के वंचित व जरूरतमंद लाभार्थियों को आवास का लाभ देने जिप अध्यक्ष आवास योजना चलाई जाएगी. नए लेखाशिर्ष के तहत प्रत्येक सर्कल में प्रति वर्ष एक लाभार्थी को लाभ पहुंचाने के दृष्टि से बजट में प्रावधान करने की मांग गुटनेता नितिन मडावी ने की, जिसे मंजूरी प्रदान की़ यह योजना टोकन पध्दति से चलाने पर सहमती बनी.

    गत वर्ष की तुलना में 6.49 करोड़ से कम

    वर्ष 2021-22 के लिए संशोधित 26 करोड़ 51 लाख 99 हजार 200 रुपए का बजट पेश किया था़ वहीं वर्ष 2022-23 के लिए 20 करोड़ 2 लाख 66 हजार 100 के बजट को मंजूरी मिली़  गत वर्ष की तुलना में इस बार 6 करोड़ 49 लाख 33 हजार 100 रु़ का निधि कम है. 

    फिर लगाया गया भेदभाव का आरोप

    15 वें वित्त आयोग के मुद्दे पर फिर गहमागहमी देखी गई़  विरोधी दल के सदस्यों ने 2022-23 के कृति प्रारूप को मंजूरी देने की बात कही़  साथ ही वित्त आयोग में भाजपा सदस्यों को अधिक राशि दी गई़ वहीं विरोधी दल के सदस्यों के साथ भेदभाव किया गया़ अधिसूचना के अनुसार सभी सदस्यों को समान वितरण होना चाहिए, किन्तु ऐसा नहीं होने का आरोप गुटनेता संजय शिंदे ने लगाया. 

    इस प्रकार की गई निधि की व्यवस्था 

    विभाग                       निधि

    समाज कल्याण विभाग 1,54,50,300 रु.

    शिक्षा विभाग               57,60,400 रु.

    स्वास्थ्य विभाग         67,70,500 रु.

    बांधकाम विभाग       1,30,70,200 रु.

    जलापूर्ति व स्वच्छता       3,76,00,300 रु.

    महिला व बालकल्याण 1,01,50,400 रु.

    कृषि विभाग               69,80,500 रु.

    पशुसंवर्धन विभाग         62,00,000 रु.

    लघु सिंचाई विभाग         23,22,000 रु.

    ग्रामीण बिजलीकरण         20,00,000 रु.

    पंचायत राज कार्यक्रम 5,50,82,500 रु.