death
(प्रतीकात्मक तस्वीर)

    Loading

    नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के जारचा थाना क्षेत्र में एक महिला समेत दो लोगों का शव नहर से बरामद किया गया है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जारचा थाना क्षेत्र के समाना गांव के पास बीती रात को नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों की सहायता से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को शक है कि महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यम से इस बात की सूचना प्रसारित की। 

    उन्होंने बताया कि नहर से एक अन्य शव भी मिला और मृतक की शिनाख्त बुधवार सुबह मुरादनगर निवासी अतुल शर्मा के रूप में हुई है। इस बाबत निवाड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस बीच, सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छीजारसी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला का शव बुधवार सुबह पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला है। 

    महिला के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है जबकि उसके मायके वालों का आरोप है कि उसकी दहेज के लिए हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस उपायुक्त (द्वितीय जोन) ईलामारन ने बताया कि सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छीजारसी कॉलोनी में रहने वाली सबा (19) का शव बुधवार सुबह उसके घर पर पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला है। उन्होंने बताया कि मृतका के पति शादाब ने पुलिस को बताया है कि उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। 

    अधिकारी ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम तथा मजिस्ट्रेट को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की दो माह पहले शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, मृतका के पिता इंतजार ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। (एजेंसी)