Raghav Chaddha
(Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    दिल्ली:  पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) के रुझान आ गए हैं। यूपी (UP), उत्तराखंड (Uttarakhand) में बीजेपी (BJP), गोवा (Goa) में कांग्रेस-बीजेपी में कांटे की टक्कर हो रही है, वहीं मणिपुर (Manipur) में बीजेपी (BJP) आगे चल रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Elections) की मतगणना के शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी (आप) कुल 117 विधानसभा सीटों में से 79 पर आगे चल रही है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और भदौड़ दोनों विधानसभा सीटों पर पीछे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, अमरिंदर सिंह और राजिंदर कौर भट्टल भी अपनी-अपनी सीटों पर पीछे चल रहे हैं। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी जलालाबाद सीट पर पीछे चल रहे हैं।

    वहीं, ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धूरी सीट पर 4,387 मतों से आगे चले रहे हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान को लेकर आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे थे कि आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। पंजाब के लोगों ने भगवंत मान और केजरीवाल की जोड़ी को गले से लगाया है। पंजाब की सियासत के बड़े-बड़े लोगों के सिंहासन डोल गए, उनकी अपनी सीटों पर भी हालत खराब है।

    आप नेता राघव चड्ढा ने कल भी दावा किया था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और भगवंत मान मुख्यमंत्री बनेगें। गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना चल रही है। ‘आप’ लाम्बी, फिरोजपुर ग्रामीण, पटियाला खरड़, लेहरा, दीनानगर, डेरा बस्सी, धर्मकोट, दसूहा आदि सीटों पर आगे चल रही है।