राहुल गांधी का ऐलान, पंजाब विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी होंगे मुख्यमंत्री उम्मीदवार

    Loading

    लुधियाना: पंजाब विधानसभा 2022 में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा इसकी घोषणा हो गई है। पहले से लग रहे अनुमान के अनुसार वर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री प्रत्याशी होंगे। इस बात की घोषणा लुधियाना में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने की।

    राहुल गांधी ने कहा, “चन्नी जी गरीब के बेटे हैं। उनके अंदर कोई अहंकार नहीं है। उन्होंने अपने तीन महीने के कार्यकाल में यह कर के दिखा दिया है। वह गरीब जनता के लिए काम करते हैं।”

    कई हीरो मेसे एक हीरो चुनना है

    इसके पहले रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुझे हीरों में से एक हीरा चुनने के लिए कहा था। ये आसान काम नहीं था। मैं नवजोत सिंह सिद्धू से 40 साल पहले मिला था। दून स्कूल में मैं था। रविवार को क्रिकेट का मैच था। उन्होंने बहुत अच्छा परफॉरमेंस दिया था। मैं उसी दिन उन्हें पहचान गया था। वह बहुत मेहनत करते हैं।”

    राहुल गांधी बोले, हमारी पार्टी में लोकतंत्र है। हर किसी को बोलने का अधिकार है। कई बार कुछ लोग बहुत ज्यादा भी बोल देते हैं। सभी नेता उसे भी सुनते हैं। ये भाजपा और अन्य दलों में नहीं दिखेगा।”

    ये मेरा निर्णय नहीं, पंजाब का निर्णय

    उन्होंने आगे कहा, “मुझसे कहा गया कि मुख्यमंत्री का निर्णय लेना है। ये मेरा निर्णय नहीं है। ये पंजाब का निर्णय है। मैंने कोई निर्णय नहीं किया। मैंने पंजाब के लोगों से पूछा। युवाओं से पूछा, प्रत्याशियों से पूछा, कार्यकर्ताओं से पूछा। जो निर्णय उन लोगों ने मुझे बताया वही आज मैं आपको बताने जा रहा हूं। ये पंजाब है। यहां के लोगों को अपना नेता स्वयं सुनना चाहिए और मेरा काम है कि आपकी आवाज को सुनना। आपका फैसला मेरे विचार से ज्यादा अहम है।”