avalanche

Loading

करगिल/जम्मू. लद्दाख के करगिल जिले में जोजिला दर्रे के पास हिमस्खलन के बाद कम से कम चार वाहन बर्फ के नीचे दब गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हालांकि, वाहनों में सवार लोग बाल-बाल बच गए।

हिमस्खलन 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर शैतानी नाला के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया और वाहनों में सवार छह लोगों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि राजमार्ग से बर्फ हटाने के प्रयास जारी हैं।

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम बदल गया है। यहां हिमस्खलन के कारण बांदीपोरा-गुरेज मार्ग बंद हो गया है। यहां दिनभर बादल छाए रहे। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और सोनमर्ग, जोजिला जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 से 20 अप्रैल तक प्रदेश में सामान्य से भारी बारिश की संभावना जताई है। (एजेंसी इनपुट के साथ)