हरियाणा: बाइक पर बैठने से मना करने पर शख्स ने महिला पर हेलमेट से किया हमला, घटना CCTV में कैद

    Loading

    गुरुग्राम. हरियाणा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके में बाइक पर बैठने से मना करने पर नशे में एक व्यक्ति ने महिला पर हेलमेट से हमला किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

    आरोपी की पहचान कमल के रूप में हुई है। महिला कमल के पड़ोस में रहती है। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

    वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला के ऑटो से उतरने के बाद कमल उसके पास आया और दोनों में बहस हो गई। कुछ सेकेंड बाद उसने अपने हेलमेट से उस पर हमला करना शुरू कर दिया। हालांकि, जल्द ही कुछ स्थानीय लोगों ने आगे आकर कमल को दबोच लिया और महिला को बचा लिया।

    ACP मनोज कुमार ने कहा, “पीड़िता के मुताबिक जब वो ऑफिस से घर आ रही थी तब उसके पड़ोसी कमल ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और हेलमेट से हमला किया। FIR दर्ज कर जांच की जा रही है।”