Ashok Gehlot
Photo: @ashokgehlot51

Loading

जयपुर: राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह केस और बढ़ती खालिस्तानी गतिविधियों को हिंदू राष्ट्र की मांग से जोड़ा है। सीएम ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत पर हमला बोला है।  उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी और मोहन भागवत हिन्दू राष्ट्र की बात करते हैं, इसलिए अमृतपाल सिंह जैसे लोगों के अंदर खालिस्तान की मांग रखने की हिम्मत है। सीएम अशोक गहलोत भरतपुर संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए यह बात कही थी। 

सीएम का पीएम मोदी पर हमला

राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘अब एक नया आदमी आ गया है खालिस्तान का, पता नहीं क्या नाम है उसका।  वह कहता है कि अगर नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत हिन्दू राष्ट्र की बात करते हैं, तो मैं खालिस्तान की बात क्यों नहीं कर सकता?’ 

‘आप हिन्दू राष्ट्र की बात कैसे कर सकते हैं?’

गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘आप हिन्दू राष्ट्र की बात कैसे कर सकते हैं? धर्म के नाम पर लोगों को खुश करना आसान काम है।  इनकी वजह से अमृतपाल सिंह जैसे लोगों की यह हिम्मत हो गई कि वह खालिस्तान की मांग कर रहा है। इंदिरा गांधी के दौरान भी ये मांगें उठीं, उन्होंने नहीं बनने दिया खालिस्तान।’

‘सोनिया गांधी मुझे मुख्यमंत्री क्यों बनातीं?’

अशोक गहलोत ने यह भी कहा कि किसी भी मुद्दे से जनता को तोड़ सकते हैं, लेकिन जोड़ना एक कठिन काम है।  राजस्थान के मुख्यमंत्री ने राज्य में रहने वाले सभी समुदायों का नाम लेते हुए कहा कि आप सब मुझे मुख्यमंत्री चुना है। अगर राजस्थान की सभी जाति और धर्म मेरे साथ नहीं होते, तो सोनिया गांधी मुझे मुख्यमंत्री क्यों बनाती?

फरार है खालिस्तान समर्थक 

गौरतलब है कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत जिस खालिस्तानी उग्रवादी और वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह का जिक्र कर रहे थे, उसके खिलाफ पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाया गया है। खालिस्तानी समर्थक अब भी पंजाब पुलिस के पकड़ से बाहर  है। पुलिस के अलावा केंद्रीय एंजेंसियां भी उसे पकड़ने में जुटी हैं।