पंजाब में संभावित आतंकी हमला नाकाम, आरडीएक्स से भरे IED के साथ दो गिरफ्तार

    Loading

    चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने आज एक संभावित हमले को विफल कर दिया है। पुलिस ने तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं गांव से धातु के काले रंग के बॉक्स में पैक आरडीएक्स के साथ एक आईईडी बरामद किया है। जो आईईडी एक टाइमर, डेटोनेटर, बैटरी और छर्रे से लैस था। साथ ही पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने कहा कि, काले रंग के धातु के डिब्बे में पैक और 2.5 किलोग्राम से अधिक वजन वाले आईईडी को टाइमर, डेटोनेटर, बैटरी और शार्पनेल से भी लैस किया गया था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और बरामदगी के चलते सीमावर्ती राज्य में संभावित आतंकवादी हमला टल गया। 

    हरियाणा पुलिस ने भी आतंकी साजिश को किया था नाकाम 

    उल्लेखनीय है कि, इससे पहले हरियाणा पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया था। पुलिस ने बीते गुरुवार को एक वाहन में से हथियार, विस्फोटक और संदिग्ध आरडीएक्स बरामद होने के बाद उसमें सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वे इन हथियारों व गोला-बारूद को एक इनोवा वाहन में भरकर तेलंगाना के आदिलाबाद ले जा रहे थे। 

    आईईडी सहित चार गिरफ्तार

    पंजाब पुलिस ने ट्वीट कर कहा था, ‘पंजाब पुलिस और हरियाणा पुलिस ने एक खुफिया अभियान के तहत आज करनाल में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 2.5 किलो वजन के 3 आईईडी और एक पिस्तौल बरामद किया गया है। आगे की जांच जारी है।’ करनाल रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि, गुप्त सूचना के आधार पर बस्तारा टोल प्लाजा के निकट चार लोगों को पकड़ा गया, जो पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि, आरोपी एक पाक-आधारित व्यक्ति के संपर्क में थे।