हॉकी स्टिक और गेंद के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह

    Loading

    चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amrindar Singh) की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी (Punjab Lok Congress) को चुनाव आयोग (Election Commission)  ने हॉकी स्टिक और बॉल ( Hockey Stick and Ball) चुनाव चिन्ह  ( Election Symbol) के रूप में दिया है। अब कैप्टन हॉकी स्टिक के साथ चुनावी जंग लड़ेंगे। बता दें कि, कांग्रेस के साथ विवाद होने के बाद कैप्टन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद उन्होंने नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था।

    पंजाब लोक कांग्रेस ने आधिकारिक ट्विटर पर ट्वीट कर कहा, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का चिन्ह-हॉकी स्टिक और बॉल मिल गया है।’ पार्टी ने आगे कहा, ‘अब केवल गोल करना बाकी है।’

    उल्लेखनीय है कि,  हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और पंजाब में काफी पसंदीदा है। इस खेल को राज्य के ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा खेला जाता है। पंजाब के मिटटी से निकलकर कई हॉकी खिलाड़ियों ने भारत की हॉकी टीम की जर्सी पहनी है और राष्ट्रीय स्तर पर देश की धुरा संभाली है। गौर करने वाली बात यह है कि, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह राज्य की कांग्रेस सरकार में मंत्री हैं। 

    ज्ञात हो कि, अमरिंदर सिंह ने कुछ महीने पहले तक पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री थे। लेकिन पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उनका विवाद हुआ। इसके बाद अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अपनी खुद की पार्टी (पंजाब लोक कांग्रेस) बनाई। पंजाब लोक कांग्रेस ने राज्य में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया है।