शोभायात्रा के साथ थार महोत्सव का आगाज, तीन दिन तक रहेगी धूम

    Loading

    बाड़मेर: गांधी चौक से शोभायात्रा के साथ सोमवार से थार महोत्सव की शुरुआत हो गई। आदर्श स्टेडियम में थार सुन्दरी, थार श्री समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में बैड, रथ, ऊंट, घोड़े, हाथी, सजी-धजी महिलाएं, गणगौर व कलाकार के दल भी शामिल हुए। सुबह 10 बजे आदर्श स्टेडियम में ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता, रस्साकशी महिला व पुरूष, दादा-पोता दौड़, थारश्री, थार सुंदरी, पणिहारी मटका दौड़, दंपति दौड़, साफा बांध प्रतियोगिता, ढोल वादन, गैर नृत्य, राजस्थानी वेशभूषा की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 

    वहीं, सोमवार रात नौ बजे कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें देश के नामी कवि शामिल होंगे। राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से सोशल मीडिया मंच कू ऐप पर पोस्ट किया गया कि रेगिस्तानी राज्य के सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक आयोजन, बाड़मेर में थार महोत्सव के लिए तैयार हो जाइए। हेरिटेज वॉक, लोक प्रदर्शन, पैरासेलिंग, म्यूजिकल नाइट से लेकर और भी बहुत कुछ का आनंद लेने के लिए एक यात्रा की योजना बनाएं। तो आप कब आ रहे है?

    सांस्कृतिक प्रतियोगिता, खेलकूद, हस्तशिल्प मेला

    थार महोत्सव के दूसरे दिन 29 मार्च को सुबह नौ बजे बाड़मेर के महावीर टाउन में प्रगति के पथ पर राजस्थान थीम पर चित्रकला, मेहंदी, रंगोली मांडणा प्रतियोगिता आयोजित होगी। सुबह 11 बजे दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता की मैदान कपूरड़ी में शुरुआत होगी। वहीं, दोपहर 12 बजे डाक बंगला में हस्तशिल्प मेले व प्रदर्शनी का आयोजन होगा। 12 बजे जयको राजस्थान रो, शाम 7 बजे सफेद आकड़ा में पाबूजी की फड़ का वाचन और बालोतरा में भगतसिह स्टेडियम में सेलिब्रिटी नाइट में मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव आएंगे और अपनी प्रस्तुति देंगे।

    अंतिम दिन मैराथन दौड़, फैशन परेड

    राजस्थान दिवस व महोत्सव के अंतिम दिन 30 मार्च को सुबह साढे छह बजे मैराथन दौड़ गडरा रोड सर्किल से 5 किमी व 21 किमी दौड़ का आयोजन होगा। सुबह नौ बजे आदर्श स्टेडियम में खो-खो व कबड्डी, सतोलिया, रुमाल झपटा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे महावीर टाउन हॉल में युवा सम्मेलन में प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे महाबार के धोरों पर मथुरा, बृज, हरियाणा, गुजरात, पंजाब एवं राजस्थानी कलाकारों द्वारा फैशन परेड (राजस्थानी वेशभूषा पर आधारित) व रंगारंग आतिशबाजी होंगी।