Amritpal Singh
ANI Photo

Loading

चंडीगढ़. पंजाब पुलिस (Paunjab Police) ने खालिस्तानी समर्थक और ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) को पकड़ने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। सूत्रों ने दावा किया है कि अमृतपाल पंजाब में ही छुपा हुआ है और अपनी लोकेशन चेंज कर रहा है। इस बीच उसके नए ठिकाने का पता चल गया है। पुलिस ने बताया कि अमृतपाल सिंह और उसका साथी पापलप्रीत सिंह हरियाणा के कुरुक्षेत्र में छुपा हुआ था। यहां इन दोनों को एक महिला ने पनाह दी थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पंजाब आईजीपी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि, “पुलिस इस मामले में किसी भी बेकसूर लोगों को गिरफ्तार नहीं करेगी और करेगी भी तो उनको सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया जाएगा। हमने अलग-अलग जगहों से 207 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से 30 लोगों को आपराधिक मामलों के तहत गिरफ्तार किया है।” उन्होंने बताया कि, “शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 177 लोगों को निवारक हिरासत में रखा गया है।”

पुलिस अमृतपाल को खोजने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। गिल ने बताया कि, “जहां तक अमृतपाल की निशानदेही का सवाल है, हमारी टीम ने ट्रैकिंग की है। कई जगहों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक सेखोवाल गांव है जिसमें एक गुरुद्वारा है। उन्होंने वहां बाइक भी बदली और उसके बाद नदी पार करने के लिए नाव मंगवाने की कोशिश की। जब वे इसे पाने में विफल रहे, तो उन्होंने नदी पार करने के लिए एक पुराने पुल का इस्तेमाल किया।”

पंजाब आईजीपी ने बताया कि, “घूमने के बाद उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया। इसके बाद आगे की गतिविधि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्थित थी। गुरपेज, जो हमारी हिरासत में है, उसने हमें एक ऐसी महिला के बारे में भी बताया, जिसके पास वह (अमृतपाल) शरण लेने जा सकता है। जिसके बाद हरियाणा पुलिस की मदद से एक महिला बलजीत कौर को गिरफ्तार किया गया।”

गिल ने बताया कि, “महिला से पता चला कि 19 मार्च की रात पापलप्रीत सिंह और अमृतपाल सिंह दोनों वहीं रुके थे। महिला पापलप्रीत को पिछले दो साल से अधिक समय से जानती है और वह वहां कई बार रह चुका है।” उन्होंने बताया कि, “रात रुकने के बाद अगले दिन वहां से चले गए। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लेंगे।”

आईजीपी गिल ने बताया कि पंजाब पुलिस अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए केंद्र की सारी एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि, “खन्ना पुलिस ने एक और प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें एक तजिंदर सिंह गिल को गिरफ्तार किया गया है, वह अमृतपाल सिंह का करीबी सहयोगी है। इस मामले में आर्म्स एक्ट भी लगाया गया है। हमने उनके फोन का विश्लेषण किया। इसमें आपत्तिजनक सामग्री मिली जो राष्ट्र-विरोधी सामग्री है।”