Photo: ANI/ Twitter
Photo: ANI/ Twitter

    Loading

    जयपुर: राजस्थान में मुख्यमंत्री में बदलाव को लेकर चल रहे कयास के बीच सीएम अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि, कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य की मौजूदा सरकार अपने पांच साल पूरे करेगी। वहीं, सरकार का अगला बजट छात्रों और युवाओं को समर्पित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार गिराने के भारतीय जनता पार्टी के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देंगे। 

    बीकानेर में संवाददाताओं बोलते हुए गहलोत ने कहा कि,  ‘आपने देखा पहले भी सरकार बच गई और अब भी मजबूत है।  हम पांच साल पूरे करेंगे और मैंने कहा है कि आगामी बजट छात्रों और युवाओं को ध्यान में रखकर पेश किया जाएगा।’ 

    अशोक गहलोत ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि, भाजपा बार-बार प्रयास करती है कि उनकी सरकार पांच साल पूरे नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा, ‘पहले भी भाजपा ने खरीद-फरोख्त की कोशिश की थी, लेकिन हमारे विधायक एकजुट थे और वे नहीं झुके। आपने देखा कि पिछली बार सरकार बच गई और यह अब भी मजबूत स्थिति में है।’

    जनता से सुझाव भेजने की अपील

    गौर हो कि, सीएम अशोक गहलोत ग्रामीण युवा ओलंपिक खेलों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को बीकानेर संभाग के दौरे पर हैं।  यहां उन्होंने प्रदेश के युवाओं, छात्रों और लोगों से सीधे अपने सुझाव भेजने की अपील की है, ताकि सरकार उनकी इच्छाओं के अनुरूप योजनाएं पेश कर सके।  

    जब मीडिया ने गहलोत से पूछा की क्या कांग्रेस देश में एक मजबूत विपक्ष देने में विफल रही है? जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, ‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार हिल गई है।  शुरुआत में तो भाजपा ने भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना की, लेकिन अब उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। ’

    कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव

    राजस्थान के सीएम ने यह भी कहा कि, कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव भी देश की जनता को एक संदेश दे रहा है। सीएम ने कहा कि, ‘राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा कब भाजपा के अध्यक्ष बने, कोई नहीं जानता। अब कांग्रेस में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हो रहे हैं।  इस चुनाव ने देश के लोगों को संदेश दिया है कि कांग्रेस अब भी मजबूत विपक्ष देने की स्थिति में है।’