मुख्यमंत्री बनते ही भूपेंद्र पटेल का एक्शन शुरू, CMO से चार वरिष्ठ अधिकारियों का किया तबादला

    Loading

    अहमदाबाद: गुजरात में भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद नए मंत्रियों के शपथ लेने से पहले बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के चार वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री कार्यालय से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।  बुधवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया कि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव एम. के. दास और मुख्यमंत्री के सचिव अश्वनी कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। 

    विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के एन शाह और डी एच शाह का भी तबादला किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने वाले पटेल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी प्रमुख अधिकारियों को बदल सकते हैं। 

    एम के दास के स्थान पर पंकज जोशी को लाया गया है जो वित्त विभाग में कार्यरत थे। अश्वनी कुमार के स्थान पर आईएएस अधिकारी अवंतिका सिंह औलख को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। इसके अलावा भरूच के कलेक्टर एम डी मोडिया और अहमदाबाद नगर पालिका के उपायुक्त एन एन दवे को मुख्यमंत्री का ओएसडी बनाया गया है।(एजेंसी)