तेलंगाना में सबसे बड़ी रैली कर मिशन दक्षिण भारत शुरू करेगी भाजपा

    Loading

    -संतोष ठाकुर 

    नई दिल्ली: भाजपा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को उनकी घर में घेरने की रणनीति के तहत हैदराबाद में 2-3 जुलाई को अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी आयोजित करने का निर्णय किया है। कार्यकारिणी के अंतिम दिन हैदराबाद में भाजपा 10 लाख लोगों की एक रैली करने की भी तैयारी कर रही है। जिससे वह राज्य की सत्ताधारी पार्टी को अपनी जोरदार उपस्थिति दिखाकर राजनीतिक संदेश दे पाए। दिल्ली के बाहर पांच साल बाद और हैदराबाद में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक 20 साल बाद हो रही है। इससे पहले ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कमेटी चुनाव में भाजपा ने अपना दम दिखाया था। 

    जिसके बाद से ही के चंद्रशेखर राव ने अपनी सरकार के लिए खतरा महसूस करते हुए भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त विपक्ष मिशन शुरू कर दिया था। इसके तहत वह एक ओर जहां सभी विपक्षी दलों को 2024 चुनाव के लिए साथ लाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने संयुक्त विपक्ष राष्ट्रपति उम्मीदवार अभियान भी चलाया था। लेकिन टीएमसी, एनसीपी और कांग्रेस की वजह से उनका यह दांव चल नहीं पाया। इससे उनके विपक्ष को एकजुट करने की रणनीति असफल होती दिख रही है तो वहीं, उनके घर मे ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से उनके लिए आने वाले दिनों में तेलंगाना में भी चुनौती बढ़ती दिख रही है।

    भाजपा ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के सहारे अपनी ताकत दिखाने, तेलंगाना में अपनी सरकार बनाने के प्रति समर्पण जाहिर करने के अलावा मिशन दक्षिण भारत भी शुरू करने का निर्णय किया है। दक्षिण भारत के पांच राज्यों में लगभग सवा सौ लोकसभा सीट है। इसे ध्यान में रखकर आने वाले दिनों में दक्षिणी राज्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई कार्यक्रम भी आयोजित करने का फैसला किया गया है। उनको लेकर कार्यकारिणी बैठक में चर्चा भी हो सकती है। 

    तेलंगाना में सरकार बनाने के लिए भाजपा कितनी आक्रमक और समर्पित है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यकारिणी बैठक से दो दिन पहले ही सभी बड़े नेताओं को तेलंगाना जाने की सलाह दी गई है। हर नेता को एक दिन एक विधानसभा क्षेत्र में जाने और वहां कार्यकर्ताओं से मिलने की सलाह भी दी गई है। जिससे जमीनी रपट भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को मिल पाए। जबकि कार्यकारिणी की समाप्ति पर 3 जुलाई को हैदराबाद में एक बड़ी रैली करने का भी निर्णय किया गया है। इसमें कम से कम 10 लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर भाजपा काम कर रही है। जिससे वह टीआरएस और इसके संस्थापक के चंद्रशेखर राव को बड़ा राजनीतिक संदेश दे पाए।