BAL MANCH

    Loading

    -ओमप्रकाश मिश्र 

    रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी (Jharkhand Pradesh Congress Committee) जवाहर बाल मंच (Jawahar Bal Manch) के द्वारा रांची प्रेस क्लब में राष्ट्रीय समन्वयक प्रशिक्षण शिविर और झारखंड (Jharkhand) में पैटर्न मेंबरशिप का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी, जवाहर बाल मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. वी. हरी (Dr. G. V. Hari) ने कांग्रेस पार्टी (Congress Party) के युवाओं और बच्चों के बीच काम करने वाले संगठन जवाहर बाल मंच के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में भी किशोरों ने वानर सेना के रूप में योगदान दिया था। बच्चे आने वाली पीढ़ी है, उनको देश के इतिहास की सही जानकारी होना चाहिए और उनका सांस्कृतिक ज्ञान भी मजबूत हो, जिससे उनका व्यक्तित्व सुदृढ़ हो भारत के वास्तविक मूल्यों का आने वाली पीढ़ी में संचरण ही जवाहर बाल मंच का मूल उद्देश्य है।

    प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी की विघटन वाली विचारधारा के दुष्परिणामों से आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए  आवश्यक है कि बच्चों में देश की गंगा-जमुनी तहजीब के संस्कार डालें जाए। उनका सर्वांगीण विकास तभी होगा जब वे इतिहास की अच्छाई और बुराई का ज्ञान सही ढंग से जान पाएंगे। ठाकुर ने कहा कि जवाहर बाल मंच बच्चों के भविष्य निर्माण और देश को शिक्षित नेतृत्वकर्ता तैयार करने में महति भूमिका निभाएगा।

    बच्चों को कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराया जाएगा

    नेशनल को-ऑर्डिनेटर झारखंड प्रभारी तय्यब शाहिद ने अपने संबोधन में कहा कि जवाहर बालमंच सदस्यता अभियान के माध्यम से 7 से 18 वर्ष के बच्चों को कांग्रेस से जोड़कर उन्हें कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही देश की आजादी की लड़ाई मे कांग्रेस के योगदान को भी बताया जाएगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी जवाहर बाल मंच के चीफ कोर्डिनेटर तारिक अनवर ने कहा कि नई पीढ़ियों को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए कांग्रेस (जवाहर बाल मंच) राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष सोच के तहत कार्य कर रहा है। जवाहर बाल मंच के माध्यम से कांग्रेस पार्टी प्रदेश के बच्चों को इतिहास संस्कृति की व्यापक जानकारी देकर उनका चरित्र निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को आजादी की लड़ाई और आजादी की लड़ाई के बाद देश के नवनिर्माण के दौर की पूरी जानकारी देना संगठन का उद्देश्य है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी जवाहर बाल मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. वी. हरी, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, नेशनल को-ऑर्डिनेटर झारखंड प्रभारी तय्यब शाहिद, हसन अमन,  मोहम्मद दिशाल,  राहुल यादव, प्रमोद यशुदास, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष संजय लाल उपस्थित थेI