– ओम प्रकाश मिश्र
रांची : नई दिल्ली (New Delhi) में भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय मंत्री (National Minister) का कार्यभार संभालने के बाद मेयर डॉ. आशा लकड़ा (Dr. Asha Lakra) मंगलवार को रांची पहुंची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट (Birsa Munda Airport) पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
राष्ट्रीय मंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित थे। आशा लकड़ा के स्वागत में एयरपोर्ट रोड से बिरसा चौक होते हुए हरमू बायपास रोड स्वागत और अभिनंदन के होर्डिंग से पाट दिया गया था। दिल्ली से रांची पहुंचने पर आशा लकड़ा ने कहा कि प्रदेश की हेमंत सरकार यह न समझें कि विपक्ष ने चुप्पी साध ली है। अब राज्य सरकार के हर जनविरोधी नीति के खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। उन्होंने वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद सरकार की तर्ज पर उन्होंने भी पेट्रोल-डीजल पर वैट की दर में कटौती कर राज्य की जनता को राहत देने की बात कही थी।
राज्य में भ्रष्टाचार और आपराधिक घटनाएं चरम पर पहुंच चुकी है
लेकिन इस विषय पर राज्य सरकार की चुप्पी से यह प्रतीत हो रहा है कि राज्य की सत्ता में शामिल होने के बावजूद जेएमएम और कांग्रेस के बीच आपसी तालमेल नहीं है। वित्त मंत्री मोदी सरकार की राह पर चल रहे हैं। मैं उनसे आग्रह करती हूं कि पेट्रोल-डीजल पर वैट की दर में कटौती के मुद्दे पर भाजपा का समर्थन करें और झारखंड की आम जनता को राहत देने के लिए भाजपा के आंदोलन को अपना समर्थन दें। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और आपराधिक घटनाएं चरम पर पहुंच चुकी है।
जनता के हक और अधिकार की रक्षा करेगी
शिक्षा जगत से लेकर टेंडर और नियुक्ति तक भ्रष्टाचार हावी है। राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर पैसे का घिनौना खेल किया जा रहा है। हेमंत सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के पैसों का दुरुपयोग न करे। अब राज्य सरकार के विरोध में पंचायत से लेकर शहर तक भाजपा जोरदार आंदोलन कर आम जनता के हितों और उनके हक और अधिकार की रक्षा करेगी।