‘राज्य के लोगों को रोजगार और शिक्षा के नाम पर सिर्फ धोखा दिया जा रहा’, झारखंड के चाईबासा में गरजे अमित शाह

    Loading

    रांची: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शनिवार को झारखंड (Jharkhand) के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में जनसभा संबोधित करते हुए राज्य के सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, सीएम सोरेन कोई काम नहीं किया है, उन्होंने झारखंड को तबाह कर दिया है। 

    चाईबासा में जनसभा संबोधित  करते हुए  अमित शाह ने कहा,  ”झारखंड में आदिवासियों की जमीन हड़पने वाले सक्रिय हैं। सीएम हेमंत सोरेन अपनी किसी जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर रहे हैं। अपनी वोटबैंक की राजनीति के लिए जो आप कर रहे हो उसके लिए आपको माफी नहीं मिलेगी।”

     आदिवासी विरोधी है सरकार

    अमित शाह ने आगे यह भी दावा किया कि, हमने शिक्षा, रोड और बिजली से लेकर हर क्षेत्र में काम किया था लेकिन हमारे बाद आई सरकार ने झारखंड को तबाह कर दिया। गृह मंत्री ने आगे कहा कि, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तो खुद आदिवासी हैं, लेकिन सरकार आदिवासी विरोधी है। उन्होंने कहा कि, घुसपैठिए आदिवासी लड़कियों की जबरन शादी कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं। मैं आज हेमंत सोरेन सरकार को चेतावनी देता हूं, घुसपैठियों के इस दुस्साहस को रोकें। नहीं तो झारखंड की जनता आपको माफ नहीं करेगी। वोट बैंक का लालच आदिवासियों के कल्याण से बड़ा नहीं हो सकता। 

    रोजगार और शिक्षा के नाम पर सिर्फ धोखा दिया

    गृह मंत्री ने यह भी कहा कि,  प्रदेश में युवाओं और माताओं-बहनों को धोखा देने का काम किया जा रहा है। उन्हें खाद्यान, रोजगार और शिक्षा के नाम पर सिर्फ धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, अगर नौकरियां देने की हिम्मत नहीं है तो कुर्सी खाली कर दो। भारतीय जनता पार्टी झारखंड में नौकरी देने का काम कर देगी। शाह ने यह भी कहा कि, पीएम मोदी के भेजे फंड को राज्य सरकार लूट नहीं सकती। यहां जमीन हड़पने का जो घोर पाप हो रहा है। हम इसके खिलाफ संघर्ष करेंगे।