Clash between police and people

    Loading

    गुवाहाटी. असम के दरांग जिले के ढोलपुर गोरुखुटी में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने लोगों पर गोलियां चलाईं, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। साथ ही 11 पुलिस कर्मी समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की एक टीम सरकारी जमीन से अवैध कब्ज़ा हटाने के लिए आई थी। तभी स्थानीय लोग इसके विरोध उतर आए। देखते ही देखते पुलिस और लोगों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने लोगों पर गोलियां चलाई। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस पर पथराव किया। इस घटना को लेकर असम सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

    दरअसल करीब 4500 बीघा भूमि पर 800 से ज्यादा परिवार रह रहे थे और इन सभी को सोमवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ राज्य सरकार के अभियान के तहत बेदखल कर दिया गया था। इसी बेदखली की प्रक्रिया को जारी रखते हुए गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की टीम ढालपुर पहुंची थी। जिसका लोगों ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस ने लोगों पीटा और गोलियां चलाई। पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने पहले पथराव किया और कई पुलिसकर्मियों को घायल किया, इसके बाद गोलियां चलाई गईं।

    गौरतलब है कि सोमवार को भी यहां अभियान चलाया गया था। ढोलपुर गोरुखुटी के 800 से ज्यादा परिवारों को उनके घरों से बेदखल कर दिया गया है। उनके मकानों को तोड़ा गया है। जिसके चलते सैकड़ों लोग ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे रह रहे हैं।