Today is an unforgettable day for Simdega district: CM Hemant Soren

    Loading

    ओमप्रकाश मिश्र 

    रांची : झारखंड (Jharkhand) के मुख्यमंत्री (Chief Minister) हेमंत सोरेन  (Hemant Soren) ने आज सिमडेगा में 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 का शुभारंभ और अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास किया इस अवसर पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषनाए की, साथ ही कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। हेमंत सोरेन ने 27 करोड़ से अधिक की लागत से 25 योजनाओं का शिलान्यास और 32 करोड़ से अधिक की लागत वाली 35 योजनाओं का उद्घाटन किया।

    28 करोड़ से अधिक की राशि की कुल 6 योजनाओं के जरिए 990 लाभुकों को लाभान्वित करने की घोषणा की, और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्वावलंबन के लिए बकरी, मुर्गी, सुअर पालन के लिए आर्थिक सहायता देने की भी बात कही। सोरेन ने कुल 101.590 करोड़ की विकासशील और कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया।मुख्यमंत्री ने सांकेतिक तौर पर 12 युवक और युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा, इसके अलावा  कुल 79 युवाओं को  नियुक्ति पत्र दिया गया।

    हॉकी स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखी गई

    सिमडेगा जिले  के लिए आज का दिन अविस्मरणीय रहेगा। इस जिले में पुनः राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। एक ओर 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 का शुभारंभ हो रहा है। वहीं दूसरी ओर, बड़े पैमाने पर सिमडेगा में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। हॉकी को उसकी पराकाष्ठा और खिलाड़ियों को उम्दा संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार  सीधी नियुक्ति दे रही है। झारखंड के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज इसी संकल्प के  तहत 79 नवयुवकों और नवयुवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। 

    खिलाड़ियों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सब जूनियर टूर्नामेंट का आयोजन कुछ माह पूर्व ही सम्पन्न हुआ। पुनः राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। राज्य के लिए यह सौभाग्य की बात है कि यहां देश भर से हॉकी खिलाड़ी आए हैं। देश की बच्चियां जो देश-विदेश में अपना जौहर दिखाती हैं। आज वे सिमडेगा की भूमि पर आईं हैं। झारखंड के खिलाड़ियों को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलेगा। खेल एक ऐसा माध्यम  है जहां सौहार्द और प्रेम का सम्प्रेषण होता है। झारखंड सिर्फ खनिज के लिए ही नहीं बल्कि खेल के लिए भी जाना जाएगा। सरकार का संकल्प है कि खेल में जहां की संभावना है वहां सरकार खेल को बढ़ावा देगी।

    खेल हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है

    इस अवसर पर सिमडेगा विधायक  भूषण बाड़ा ने कहा कि आज का काफी अहम है। आज यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का शिलान्यास हुआ है। राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। सरकार ने 39 खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी है। राज्य भर में खेल के मैदान का निर्माण पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर किया जा रहा है। कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाडी ने कहा कि खेल हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। खेल सामुहिक एकता को प्रतिविम्बित करता है। यह रोजगार पाने का बड़ा साधन है। यही वजह है कि राज्य सरकार खेल के विकास को लेकर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा प्रदान करने की कोशिश की जा रही है। 

     देश भर की 26 टीमें भाग ले रहीं हैं

    मुख्यमंत्री ने 11वीं राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 में भाग ले रहीं सभी टीमों के खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इस प्रतियोगिता में देश भर की 26 टीमें भाग ले रहीं हैं। इस अवसर पर सिमडेगा विधायक  भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक  नमन विक्सल कोंगाडी, मुख्यमंत्री के सचिव  विनय कुमार चौबे, सचिव पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग  अमिताभ कौशल, उपायुक्त सिमडेगा  सुशांत गौरव, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्यान्द्रों दियोंगम, अध्यक्ष हॉकी झारखंड के अध्यक्ष  भोलानाथ सिंह, खिलाड़ी एवं अन्य लोग  उपस्थित थे।