Clashes between BJP and Congress workers after bypoll results in Agartala

    Loading

    अगरतला: रविवार को उपचुनाव के परिणाम () के बाद त्रिपुरा के अगरतला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय के बाहर  बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर पथराव किया।  इस झड़प में त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) प्रमुख बिरजीत सिन्हा सहित कम से कम 19 लोग घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। प्रतिष्ठित अगरतला सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन ने 3,163 मतों से जीत हासिल की है।  

    इस पर आल इंडिया कांग्रेस कमिटी त्रिपुरा के अजय कुमार ने कहा कि, कांग्रेस का कार्यालय थाने के पास होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हम पर हमला कर दिया। यह पीएम मोदी और अमित शाह के इशारे पर हो रहा है। त्रिपुरा में हमारे लोगों पर इस तरह के हमले कई बार हुए हैं। आम लोगों को इसे अवश्य देखना चाहिए। 

    राहुल गांधी ने की हमले की निंदा 

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्विटर पर अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले की निंदा की। उन्होंने लिखा, “अगरतला उपचुनाव में कांग्रेस इंडिया की जीत के बाद भाजपा के गुंडों द्वारा हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर किए गए शातिर हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। जनता हमारे साथ है। शर्मनाक है कि पुलिस हमले को रोकने के बजाय मूकदर्शक बनी रही। भाजपा के इन गुंडों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।

    गौरतलब है कि त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि टाउन बोरडोवाली सीट पर मुख्यमंत्री व भाजपा उम्मीदवार माणिक साहा ने 6,104 मतों के अंतर से जीत हासिल की।  वहीं, अगरतला सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन को 3,163 मतों के अंतर से जीत मिली है।  इस जीत के साथ ही रॉय बर्मन विधानसभा में कांग्रेस के एकमात्र विधायक बन गए हैं।