भिखारी को नोट देकर मांग रहे थे छुट्टे सूझबूझ से खुली पोल, लोगों ने जमकर धुना

    Loading

    यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर (Yamunanagar) जिले में दो युवकों ने एक भिखारी (Beggars) को नकली नोट (Fake Currency) पकड़ा दिया। जिसके बाद दोनों की लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। तलाशी करने पर दोनों युवकों की जेब से 200 के 7 और 500 के दो नकली नोट मिले। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई और पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। 

    दरअसल रेस्ट हाउस जगाधरी के पास एक भिखारी सड़क किनारे बैठा था, तभी दो युवक आए। एक युवक ने उससे कहा कि 200 का नोट है। 10 रुपए काटकर 190 रुपए दे दो, उसने कहा कि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं है। इस दौरान भिखारी ने देखा कि नोट नकली है। उसने साथ में सब्जी की रेहड़ी लेकर खड़े व्यक्ति को आवाज लगाई। वहां पहुंचे सब्जी वाले ने भी नोट को पहचान लिया की यह नकली है। इसके बाद लोगों ने आरोपियों को पकड़ खूब धुना। जिसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    भिखारी की सूझबूझ आई काम 

    दुकानदारों ने बताया कि आरोपी सबसे पहले मेडिकल शॉप पर नोट लेकर गए थे। दुकानदार ने नकली नोट पहचान लिया और लेने से मना कर दिया था। चाय वाले को नकली नोट दिया तो उसने भी पहचान लिया। अंत में आरोपी भीख मांगने वाले के पास गए और उसकी सूझबूझ से पकड़े गए।

    जगाधरी थाना प्रभारी सुभाष चंद ने जानकारी दी है कि, दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रूबी और प्रदीप दोनों ही गांव भंभौली के रहने वाले हैं। रूबी पहले भी नकली नोट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। वह कुछ समय पहले जमानत पर आया था। जेल से बहार आते ही उसने फिर से नकली नोट का धंधा शुरू कर दिया।