Girish Yadav
Pic Credit - Twitter

  • छापेमारी में मिल रहे सैकड़ों करोड़ सपा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार का जीता जागता प्रमाण : गिरीश
  • चुनाव में सपा इन पैसों को खपाने वाली थी, लेकिन कलई खुल गई : गिरीश

Loading

लखनऊ : भाजपा सरकार (BJP Government) में मंत्री गिरीश यादव (Girish Yadav) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि कल अखिलेश यादव ने ट्विट कर अपनी सरकार के समय में विभिन्न कारनामों से होने वाली आमदनी का जिक्र किया था। आज कन्नौज में छापेमारी में फिर से ₹80 करोड़ से अधिक मिले हैं। मंत्री ने अब अखिलेश यादव से यह पूछा है कि यह आपकी सरकार में किस ‘कारोबार’ के पैसे हैं? क्या आप जनता को बताएंगे ? जनता आपके जवाब के इंतजार में है ।

यह बातें उन्होंने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि गुड्स एंड सर्विस टैक्स इंटेलिजेंस की छापेमारी में मिल रहे सैकड़ों करोड़ रुपए सपा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार का जीता जागता प्रमाण हैं। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी इन पैसों को खपाने वाली थी, लेकिन पहले ही कलई खुल गई। इसीलिए समाजवादी पार्टी को मिर्ची लग रही है।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हुए घोटालों की फेहरिस्त लंबी है। इन्हीं घोटालों से समाजवादी पार्टी नेताओं ने अरबों रुपए की अवैध संपत्ति अर्जित की है। इसीलिए अखिलेश यादव के कुनबे पर आय से अधिक संपत्ति का केस चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीजीआई की छापेमारी से यह साफ हो गया है कि समाजवादी ईत्र का सर्वत्र पर्दाफाश हो गया है। जनता की गाढ़ी कमाई से लूटी हुई रकम अब धीरे-धीरे जनता के सामने आ रही है।