Akhilesh Yadav
File Photo: ANI

    Loading

    लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को वादा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद अगर सपा की सरकार बनी तो कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान मरे किसानों के आश्रितों को 25 लाख रुपये ‘किसान शहादत सम्मान राशि’ के रूप में दिये जाएंगे।

    सपा प्रमुख ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘किसान का जीवन अनमोल होता है क्योंकि वो अन्‍य के जीवन के लिए ‘अन्न’ उगाता है। हम वचन देते हैं कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार आते ही किसान आंदोलन के शहीदों को 25 लाख रुपये की ‘किसान शहादत सम्मान राशि’ दी जाएगी।” 

     समाजवादी पार्टी केन्द्र के तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के बाद किसानों की अन्‍य मांगों का भी समर्थन कर रही है।

    बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने के घोषणा की। वहीं  बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट ने कानूनों की वापसी पर मुहर लगा दी है। देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘यह कानून किसानों के हित में हैं पर हम उन्हें समझाने में असफल रहे। हालांकि, इसके बाद भी किसानों ने अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।’

    ज्ञात हो कि, किसान आंदोलन को शुरू हुए एक वर्ष बीत चुका है। वहीं बीते एक साल में करीब सात सौ किसानों की मौत हो गई। कानून वापस लेने के बाद अब किसानों की मांग है कि अब सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर भी मंजूरी दे। उनकी मांग है कि अब तक जितने भी किसानों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में मामले दर्ज है, उन्हें वापस ले।