यूपी के अमरोहा में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया, अखिलेश यादव बोले-उप्र में सरकार ही फरार है

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अमरोहा (Amroha Shocker) में सितंबर महीने में दुष्कर्म का शिकार हुई लड़की का शव रविवार को पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। मृतका के परिवार ने दुष्कर्म के आरोपी पर ह्त्या का आरोप लगाया है। इस मामले के सामने आने के बाद अब सूबे का सियासी पारा गरमाया गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव (UP Former CM Akhilesh Yadav) ने योगी सरकार (Yogi Govt) पर तीखा हमला बोला है। 

    अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अमरोहा में दुष्कर्म की शिकार नाबालिग पीड़िता की हत्या का मामला बेहद गंभीर, दुखद व शर्मनाक है। श्रद्धांजलि! इस संबंध में कुछ भ्रष्ट पुलिसवालों को निलंबित करके उप्र की भाजपा सरकार बच नहीं सकती। दुष्कर्म का आरोपी सितंबर से फ़रार है। दरअसल उप्र में सरकार ही फरार है। निंदनीय!

    अखिलेश यादव का ट्वीट-

    वहीं इस पूरे मामले में सितंबर से लेकर अब तक पुलिस आरोपी को नहीं गिरफ्तार कर पायी है। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी, उसकी मां और भाई पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही एसपी ने इंस्पेक्टर सहित दो सिपाहियों को भी सस्पेंड किया है। यह पूरी घटना अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।