kpmaurya1

Loading

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ग्रामीणों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं को समय से पूरा करने के लिए हर माह टारगेट (Target) निर्धारित किया जाएं और निर्धारित टारगेट को निर्धारित समय सीमा के अन्दर पूरा कराया जाए और उसी के अनुरूप बजट का भी व्यय किया जाना सुनिश्चित किया जाए। केशव प्रसाद मौर्य विधानभवन में ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ है, उस दिन गांवों में बने अमृत सरोवरों (Amrit Sarovars) की अच्छी-अच्छी फोटो की सेल्फी ले करके और उनकी वीडियो क्लिप बनाकर के ट्वीट किया जाए, जिसमें अमृत सरोवरों में जल की उपलब्धता, वहां बने खेल के मैदान, ओपेन जिम, वृक्षारोपण आदि के फोटो और वीडियो क्लिप ट्वीट किए जाएं।

महिला सशक्तिकरण पर करें फोकस

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के गठन के कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए। महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के गठन में  और अधिक तेजी लाई जाए, समूहों के क्रियाकलापों से महिला स्वावलंबन के रास्ते और सुगम होते हैं। 

सोशल मीडिया का हो उपयोग

उन्होंने यह भी निर्देश दिए ग्राम्य विकास के उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्यों की छोटी-छोटी वीडियो क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा टीएचआर प्लांटों को संचालित करने की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाई जाएं।

10 हजार अमृत सरोवर पूर्ण, देश में यूपी प्रथम स्थान पर

 उन्होंने कहा कि चेक प्वाइंट बनाकर अमृत सरोवरों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएं। उत्तर प्रदेश में 10 हजार अमृत सरोवर पूर्ण कर दिए गए हैं और अमृत सरोवरों के निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर हैं। डिप्टी सीएम ने निर्देश दिए कि अमृत सरोवरों के रखरखाव के लिए भी उचित कार्रवाई की जाएं। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए ग्राम्य विकास विभाग में चल रहे कॉल सेंटर को और अधिक सक्रिय किया जाए, ताकि ग्रामीण लोगों को ग्राम्य विकास की योजनाओं का भरपूर लाभ मिल सकें। उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग में खाली पदों का अधियाचन समय से भेजने के निर्देश दिए।