
लखनऊ: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बीजेपी के बीच इन दिनों राजनीतिक गर्मागर्मी जारी है। इस बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, आरोपों के विपरीत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में किसी की आवाज को कम नहीं किया, जैसा कि 1975 के आपातकाल के दौरान हुआ था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल द्वारा उनके लोकसभा क्षेत्र लखनऊ में आयोजित एक होली मिलन समारोह में यह टिपण्णी की। रक्षा मंत्री ने कहा, ”अगर किसी को लगता है कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है तो इस पर देश के सांसदों से बात करनी चाहिए। भारत जैसा लोकतंत्र दुनिया में कहीं नहीं है। बीजेपी किसी की आवाज नहीं रोक रही। 1975 में आपातकाल लगाकर आवाज को बंद कर दिया गया था।
"BJP not stopping anyone's voice…voice was stopped in 1975 by imposing emergency" Rajnath Singh slams Rahul Gandhi
Read @ANI Story | https://t.co/Mfcf4RVUUd#RajnathSingh #BJP #Congress #RahulGandhi pic.twitter.com/udpMDMV8Da
— ANI Digital (@ani_digital) March 18, 2023
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने किसी की आवाज नहीं दबाई है। कुछ लोग जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। मैंने यहां इसकी चर्चा इसलिए की है क्योंकि व्यापारी समुदाय के लोग जागरूक हों। वे देश की अर्थव्यवस्था को समझते हैं।”
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों किस तरह के संकट का सामना कर रहे हैं, यह बताने की जरूरत नहीं है। आजकल पाकिस्तान में भी चर्चा है कि उन्हें भी मोदी जी जैसा प्रधानमंत्री चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में लोग भी कह रहे हैं कि पाकिस्तान का प्रधानमंत्री मोदीजी जैसा होना चाहिए क्योंकि हमारा देश तेजी से तरक्की कर रहा है। दुख होता है जब हमारा देश तरक्की कर रहा होता है और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही होती है और कुछ लोग भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।’
राजनाथ सिंह ने लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हाल की टिप्पणी के संदर्भ में बात करते हुए कहा, “विदेश गए एक व्यक्ति ने यूरोप और अमेरिका में लोगों से पूछा कि जब भारत का लोकतंत्र खतरे में है तो आप चुपचाप क्यों बैठे हैं।”