
आगरा (उत्तर प्रदेश). उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Elections 2022) के लिए बृहस्पतिवार को अभी तक घोषित परिणामों के अनुसार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगरा जिले की सभी नौ और मथुरा जिले (Mathura) की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल कर ली है।
गौरतलब है कि 2017 के विधानसभा चुनावों में भी आगरा की सभी नौ सीटें भाजपा के खाते में आयी थीं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आगरा उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा के निवर्तमान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के शब्बीर अब्बास को 1,12,371 वोटों के अंतर से हराया है।
खंडेलवाल की जीत का अंतर जिले में सबसे ज्यादा रहा। बाह विधानसभा सीट से भाजपा की निवर्तमान विधायक रानी पक्षालिका सिंह की जीत का अंतर सबसे कम रहा। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के मधुसूदन शर्मा को 24,235 मतों से हराया। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने आगरा ग्रामीण सीट पर 1,37,310 वोट के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा की किरण प्रभा केसरी को 76,608 वोटों से हराया।
आगरा छावनी सीट से भाजपा के निवर्तमान विधायक डॉ. जी. एस. धर्मेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के कुंवरचंद्र वकील को 48,697 वोटों से हराया। आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा के निवर्तमान विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के वियन अग्रवाल को 56,640 वोटों से हराया।
फतेहाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा के छोटेलाल वर्मा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की रूपाली दीक्षित को 53,392 वोटों से हराया। आगरा की फतेहपुरसीकरी विधानसभा सीट से भाजपा के चौधरी बाबूलाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन के ब्रजेश चाहर को 47,011 मतों से हराया।
आगरा एत्मादपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार डॉ. धर्मपाल सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के प्रबल प्रताप सिंह को 46,445 मतों से हराया। आगरा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से र भाजपा के भगवान सिंह कुशवाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के रामनाथ सिकरवार को 36,497 मतों से हराया।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मथुरा जिले में इस बार सभी पांच विधानसभा सीटें भाजपा के खाते में आयी हैं। यहां तक कि अभी तक उसकी पहुंच से बाहर रही मांट विधानसभा सीट से भी भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली है। जिले की मथुरा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं सरकार में ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा (1,58,859) ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के प्रदीप माथुर (49,056) को 1,09,803 मतों से हराया।
छाता विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार व प्रदेश के पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण (1,24,414) ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी ठाकुर तेजपाल सिंह (75,446) को 48,968 मतों से हराया है। (एजेंसी)