Congress releases second list for UP elections, names of 41 candidates included; 16 more women included
File

    Loading

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) से पहले राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इस बीच कांग्रेस (Congress) ने अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने इससे पहले जारी अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उन्नाव रेप पीड़िता की मां समेत 50 महिलाओं को टिकट दिया था। गुरुवार को जारी लिस्ट में कुल 41 उम्मीदवारों के नाम हैं, लिस्ट में 16 महिलाओं को टिकट दिया गया है। 

    बता दें कि, कांग्रेस द्वारा जारी पहली लिस्ट में कुल 125 उम्मीदवार के नाम शामिल थे, इनमें 50 महिला उम्मीदवार शामिल थीं। गौरतलब है कि, कांग्रेस यूपी में महिलाओं के मुद्दे के साथ चुनावी मैदान में है। कांग्रेस ने यूपी चुनाव में ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ नारा दिया है।

    पहली लिस्ट जारी करते हुए कांग्रेस ने महिलाओं को टिकट देने की बात को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा था, हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें। हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है।

    कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा था, जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी। अपनी सूची से हम संदेश देना चाहते हैं कि राजनीति का असली मकसद सेवा है। यह काफी हद तक बदल चुका है, लेकिन हम इस मकसद को वापस लाना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य ये भी है कि हमारी भूमिका बढ़े, हमारी पार्टी मजबूत बने। हमने तय किया है कि हम नकरात्मक कैंपेन नहीं करेंगे। हम सकारात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। महिलाओं, दलितों, युवाओं के मसलों पर चुनाव लड़ेंगे ताकि प्रदेश आगे बढ़े।