Keshav Prasad Maurya

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने आगरा (Agra) के बमरौली गांव में ग्राम चौपाल (Gram Chaupal) लगाई। विकास योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण किया और पंचायत सचिवालय का  लोकार्पण किया। ग्रामीणों सीधे संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, महिलाओं, किसानों और नौजवानों के हितों को सर्वोपरि रखकर उनके आर्थिक शैक्षिक और सामाजिक उन्नयन के लिए कार्य कर रही है। 

    उन्होंने कहा कि गांव का चहुंमुखी और बहुमुखी विकास किया जा रहा है। सोशल सेक्टर की योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी तत्परता बढ़ती जा रही है और ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए जिला और तहसील के चक्कर न लगाने पड़े। इसके लिए सरकार जनता के द्वार जा रही है और इसी कड़ी में गांव की समस्या गांव में समाधान के नाम से पूरे प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। 

    सुझाव और शिकायतें दर्ज कर सकते हैं

    उन्होंने कहा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार द्वारा संचालित हर योजना का भरपूर लाभ दिलाया जाएगा। किसी को भी निराश नहीं होने दिया जाए। उन्होंने जनपद आगरा के ग्राम बमरौली में नवनिर्मित पंचायत सचिवालय का लोकार्पण कर ग्राम वासियों को समर्पित किया। साथ ही सचिवालय में पुस्तकालय, चिकित्सा व्यवस्था और अन्य योजनाओं के कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह सचिवालय ग्राम विकास केंद्र है। यहां से न केवल विकास योजनाओं की जानकारी मिलेगी, बल्कि ग्रामीण सुझाव और शिकायतें यहां दर्ज कर सकते हैं। 

    महिलाओं को सहायता राशि वितरित

    मौर्य ने ग्राम पंचायत बमरौली, विकासखंड बरौली अहीर में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न उत्पादों के बारे में महिलाओं से जानकारी प्राप्त की। साथ ही विभिन्न योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सहायता राशि वितरित किया।

    ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से संवाद 

    उन्होंने ग्राम पंचायत बमरौली में ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम के चहुंमुखी विकास और योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों को हर हाल में दिलाया जाएगा। उन्होंने प्राप्त सन्दर्भों और शिकायतों का त्वरित गति निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान  कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर और गिरिराज सिंह कुशवाहा और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया  सहित विधायक, जनप्रतिनिधि और  अधिकारी और कर्मचारियों के साथ भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।