CM Yogi Adityanath
File Photo

    Loading

    लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कहा कि विकास (Development) का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन विकास के लिए सुरक्षा और सुरक्षा के लिए अच्छी सरकार आवश्यक है। आपने 2017 में पीएम मोदी (PM Modi) के आह्वान पर यूपी में बीजेपी सरकार (BJP Government) और इनके प्रतिनिधियों को चुना। इसका परिणाम आपके सामने है। जिस प्रदेश से पलायन होता था, गुंडागर्दी चरम पर थी। हर दूसरे दिन 3 बड़े-बड़े दंगे होते थे, वह प्रदेश दंगामुक्त हो चुका है। आज यहां पलायन नहीं हो रहा, बल्कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए यह निवेश के लिए दुनिया को आकर्षित कर रहा है। 

    मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन के दौरान 145 करोड़ की 243 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने नगर विकास विभाग और औद्योगिक विकास पर लघु फिल्म देखी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक और स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। सीएम ने सहारनपुर से बीजेपी के 5 विधायक जिताने पर लोगों को साधुवाद दिया।  

    सीएम ने कहा कि सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए देवबंद में एटीएस की स्थापना में कोताही नहीं बरती गई। बीजेपी सरकार आने से पहले जिन्होंने शासन किया, उनकी राजनीति परिवारवाद और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। नौजवानों, किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जाता था। इन्होंने राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों के राजनीतिकरण का पाप भी किया। इस कारण प्रदेश में कोई आना नहीं चाहता था, जिन्होंने निवेश किया था, वे पलायन कर रहे थे। तब कैराना और कांधला जैसी घटनाएं होती थीं पर आज यूपी में निवेशक वापस आ चुके हैं। अब अपराधी यूपी छोड़कर भाग रहे हैं। अपराध और अपराधियों, भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जीरो टालरेंस के साथ काम कर रहे हैं। 

    सहारनपुर में हैं अनंत संभावनाएं

    सीएम ने कहा कि सहारनपुर यूपी का सीमांत जनपद है। एक तरफ उत्तराखंड, दूसरी तरफ हरियाणा की सीमा है। यहां मां गंगा और यमुना का आशीर्वाद बना है। किसान ऊर्जा के साथ खेतों में ऊपज को सोने में उगलता है। हस्तशिल्पी काष्ठकला को वैश्विक पहचान दे रहा है। सहारनपुर में अनंत संभावनाएं हैं, जिसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इस निमित्त यहां के प्रबुद्धजनों से संवाद बनाने यहां आया हूं। 

    अब दो घंटे की बजाय 45 मिनट में तय होती है दूरी 

    सीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले मां शाकुंभरी के नाम पर विश्विद्यालय का शिलान्यास किया था। आज उसका भव्य भवन बन रहा है। यहां अगले वर्ष तक नौजवानों के लिए अपने जनपद में विश्वविद्यालय होगा। सहारनपुर में सरसावा एयरपोर्ट पर लैंड अधिगृहित करके दी। कार्य प्रारंभ हो चुका है। सहारनपुर भी जल्द ही देश-दुनिया की एयर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा। सड़क कनेक्टिविटी अब बहुत अच्छी हो गई है। 2017 से पहले मुजफ्फरनगर से सहारनपुर आने में 2 घंटे लगते थे। सहारनपुर से शामली और देहरादून मार्ग की दुर्गति थी। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर 753 करोड़ रुपए खर्च किए। अब यह दूरी 2 घंटे की बजाय 45 मिनट में तय होती हैं। 612 करोड़ रुपए से सहारनपुर-शामली मार्ग लगभग पूरा हो चुका है। सहारनपुर से देहरादून मार्ग लगभग 1200 करोड़ से देश के बेहतरीन मार्गों में बन रहा है। लगभग एक हजार करोड़ से यहां की सड़कों, ब्रिज का निर्माण हुआ। जल जीवन मिशन के साथ हर घर नल योजना को पीएम मोदी के विजन के अनुरूप साकार करने के लिए कार्य हो रहा है। तेजी से हर घर को शुद्ध पेयजल से जोड़ रहे हैं। 

    आज सुबह सहारनपुर की बेटियों को भी दिया नियुक्ति पत्र 

    सीएम ने बताया कि लखनऊ में 1354 नर्सों को नियुक्ति पत्र दिया। प्रसन्नता होती है कि अब सरकारी नौकरियों में सभी 75 जनपदों के प्रतिभागी शामिल होते हैं। मैंने सुबह सहारनपुर की कुछ बेटियों को भी नियुक्ति पत्र दिया। 5 लाख नौजवानों को प्रदेश में सरकारी नौकरी दी गई। 5 साल में सहारनपुर में निवेश के माध्यम से एक लाख नौजवानों को रोजगार दिया गया। ओडीओपी के माध्यम से यहां के उत्पादों को बाजार दिया। डिजाइनिंग, ब्राडिंग कर वैश्विक मंच तक पहुंच को आसान किया। अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी संस्थाएं इनके उत्पाद बेचते हैं। वैश्विक मंच पर पहचान में सहारनपुर का नाम भी जुड़ता है। केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ इसी विचार के लोग नगर निकाय और पंचायती राज में आते हैं तो विकास की स्पीड ट्रिपल गति से बढ़ती है। 

    सहारनपुर ने स्वच्छता के नए मानक गढ़े हैं

    सीएम ने कहा कि सहारनपुर ने स्वच्छता में नए मानक गढ़े हैं। पीएम आवास योजना में भेदभाव के बिना आवास मिल रहा। पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्रदेश में 9 लाख और सहारनपुर में 18 हजार स्ट्रीट वेंडरों को सुविधा का लाभ मिला है। पीएम आवास योजना के तहत 45 लाख गरीबों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे ढाई करोड़ लोग लाभान्वित हुए। सहारनपुर में 25944 लोगों को आवास दिलाया। जिले में ओडीओपी में 2225 कारीगरों को प्रशिक्षण के साथ टूल किट भी बांटी। 960 उद्यमियों को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से लाभान्वित कराया। इससे 5 हजार नौजवानों को सुविधा मिली। यह नया यूपी है।  

    हर सेक्टर में निवेश की अनंत संभावनाएं, यूपी सबसे सुरक्षित प्रदेश    

    सीएम ने प्रबुद्धजनों से कहा कि हर सेक्टर में निवेश की अनंत संभावनाएं हैं। यूपी की औद्योगिक नीति, बायो फ्यूल, टेक्सटाइल्स आदि सेक्टर की नीति देश में सबसे अच्छी है। 10 से 12 फरवरी 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होगा। सहारनपुर के व्यापारियों और उद्यमी भी निवेश से जुड़ें। जिस कार्य से रोजगार का सृजन हो और विकास की प्रक्रिया के साथ बढ़ती हो, वह निवेश है। यूपी देश में सबसे सुरक्षित प्रदेश है। सीएम ने आह्वान किया कि यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने में योगदान दें। 5 वर्ष में स्मार्ट सिटी, अमृत योजना, दीनदयाल उपाध्याय नगरीय विकास योजना के तहत खूब कार्य हुए। एलईडी, दूधिया लाइट में चलते हुए अब आपको अच्छा लगता होगा। स्वच्छ नगर और एक जैसी स्ट्रीट लाइट देखकर अच्छा लगता होगा। केंद्र और राज्य में जिसकी सरकार हो, स्थानीय निकाय में भी उसकी सरकार हुई तो तेज गति से काम होगा। 

    सीएम ने लाभार्थियों के सपनों को किया पूरा

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थी पारुल शर्मा,  मोनिका, विद्यावती, सुमित, अमित कुमार, मंजू, सोनू कुमार, नैना को चाबी दी। पीएम स्वनिधि योजना के तहत मोनिका, विकास शर्मा, प्रवीण कुमार सैनी, मोहन सिंह, मनोज शर्मा, चंद्रपाल, रविंद्र कुमार कश्यप, रोहित, दर्शिनी को स्वीकृति प्रमाणपत्र प्रदान किए। वहीं ओडीओपी के लाभार्थी ललित कुमार (50 लाख), मिर्जा तौसीम वेग को 30 लाख अनस अंसारी को 25 लाख,  कलीम को 15 लाख, मुस्तफा को 10 लाख का चेक दिया।