UP Assembly Election 2022 : Priyanka Gandhi's film twist in Uttar Pradesh election campaign, said- 'Mere Paas Bahan Hai'
File Pic

    Loading

    राजेश मिश्र

    लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) से पहले कांग्रेस (Congress) ने विशाल रैलियों की झड़ी लगा कर भाजपा (BJP) सहित बाकी राजनैतिक दलों को बेचैन कर दिया है। रविवार को प्रियंका यूपी के मुख्यमंत्री (UP Chief Minister) योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के गढ़ गोरखपुर में गरजी और सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

    प्रियंका (Priyanka) ने एक बार फिर से जनता के लिए लोकलुभावन वादों की बौछार कर दी।सत्ता में आने पर 12 वीं की छात्राओं को स्मार्ट फोन, स्नातक छात्राओं को स्कूटी, किसानों का कर्ज माफ, दस लाख तक का मुफ्त इलाज जैसे तमाम वादें कर चुकीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को महिलाओं को तीन रसोई गैस सिलेंडर और सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा का वादा किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में कांग्रेस की रैली को संबोधित करने पहुंची प्रियंका ने रविवार को यह वादे किए। उन्होंने पार्टी की ओर से की गई चुनावी प्रतिज्ञाएं दोहराते हुए कहा कि सरकार बनने पर प्रदेश के युवाओं को 20 लाख की सरकारी नौकरी दी जाएगी।

    कांग्रेस के हर कार्यकर्त्ता के खून का कतरा कतरा जनता के लिए है

    मुख्यमंत्री योगी पर अपने आध्यत्यमिक गुरु गोरखनाथ की शिक्षाओं का पालन न करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि गरीबों, वंचितों, दलितों, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों की दुश्वारियों, समस्याओं से प्रदेश सरकार मुंह फेर रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि लखमीपुर खीरी में जिस तरह से किसानों की हत्या की गई और उनकी बिल्कुल सुनवाई नहीं हुई उस तरह से सरकार ने दिखाया कि किसानों की इस देश में बिल्कुल सुनवाई नहीं होती है।आज अगर किसान प्रताड़ित है तो सरकार उसकी थोड़ी-सी भी मदद करने के लिए तैयार नहीं है। प्रियंका ने गोरखपुर में गोरखनाथ के गुरु मछेन्द्रनाथ के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का भी वादा किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कई बार गोरखवाणी के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा खुद को उनके अनुयायी कहने वाले उन्हें नहीं मान रहे हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी की शहादत दिवस पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका  कांग्रेस के हर कार्यकर्त्ता के खून का कतरा कतरा जनता के लिए है।

    कांग्रेस की सरकार बनने पर मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा

    प्रियंका ने निषाद बाहुल्य गोरखपुर में मछुआरों, मल्लाहों पर हुए अत्याचारों का उल्लेख करते हुए उनके साथ लगातार हो रही नाइंसाफी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों पर पहला अधिकार इस समुदाय का है। कांग्रेस की सरकार बनने पर मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा।

    कृषि क्षेत्र को मिलने वाली सभी योजनाओं का लाभ और रियायतें इस क्षेत्र को भी मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा कि नदियों और तालाबों पर निषादों का अधिकार दिलवाएंगे और मछली व बालू खनन पर उनका हक बहाल होगा।प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया था और अब उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर भी इसे माफ करके दिखाएंगे। आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गांव-गांव में गौशाला बनाने और गोबर की सरकारी खरीद का दावा कांग्रेस महासचिव ने किया। प्रियंका ने कहा कि सरकार बनने की दशा में उत्तर प्रदेश में भी गेंहूं व धान की खरीद 2500 रुपये प्रति कुंतल की दर पर की जाएगी और गन्ना किसानों को 400 रुपये प्रति कुंतल का दाम दिलाया जाएगा।