Suresh Khanna

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (Suresh Khanna) ने बताया कि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्य कर करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2022-23 के जुलाई माह में कुल 13974.82 करोड़ रुपए का राजस्व (Revenue) प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2021-22 के जुलाई माह में  12655.85 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष माह जुलाई की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह जुलाई में 1,318.97 करोड़ रुपए अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। 

    वित्तमंत्री ने बताया कि जीएसटी के अन्तर्गत माह जुलाई 2022 में कुल 5043.90 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष जुलाई, 2021 के माह में प्राप्ति 4697.99 करोड़ रुपए थी। जुलाई, 2022 में निर्धारित जीएसटी में राजस्व प्राप्ति लक्ष्य 6452.55 करोड़ रुपए के सापेक्ष 78.2 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। वैट के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 में 2535.32 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि गत् वर्ष माह जुलाई 2021 में प्राप्ति 2328.34 करोड़ रुपए थी। इस मद में माह जुलाई, 2022 में निर्धारित लक्ष्य 3080.66 करोड़ रुपए के सापेक्ष 82.3 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। 

    3260.84 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति 

    मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि आबकारी के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 में कुल 3260.84 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई, जबकि गत वर्ष माह जुलाई, 2021 में प्राप्ति 2795.49 करोड़ रुपए थी। आबकारी मद में माह जुलाई, 2022 में राजस्व प्राप्ति लक्ष्य 4666.52 करोड़ रुपए के सापेक्ष 69.9 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। इसी प्रकार स्टाम्प और निबन्धन के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 की राजस्व प्राप्ति 2285.42 करोड़ रुपए हैं, जबकि गत वर्ष माह जुलाई 2021 में प्राप्ति 2089.9 करोड़ रुपए थी। इस मद में माह जुलाई, 2022 में प्राप्ति लक्ष्य 3197.80 करोड़ रुपए के सापेक्ष 71.5 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। उन्होंने बताया कि परिवहन के अन्तर्गत माह जुलाई 2022 की राजस्व प्राप्ति  694.74 करोड़ रुपए है, जबकि गत वर्ष माह जुलाई, 2021 में प्राप्ति 612.07 करोड़ रुपए थी। परिवहन मद में माह जुलाई, 2022 में राजस्व प्राप्ति लक्ष्य  870.97 करोड़ रुपए के सापेक्ष 79.80 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। उन्होंने बताया कि करेत्तर राजस्व प्राप्ति की प्रमुख मद भू-तत्व और खनिकर्म के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 में प्राप्ति 154.60 करोड़ रुपए है, जबकि गत वर्ष माह जुलाई 2021 में प्राप्ति 132.67 करोड़ रुपए थी। इसके अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 में राजस्व प्राप्ति लक्ष्य 267.30 करोड़ रुपए के सापेक्ष 57.8 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। 

    निर्धारित लक्ष्य का 69.5 प्रतिशत 

    वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्य कर राजस्व के अन्तर्गत जीएसटी के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य 31,789.33 करोड़ रुपए के सापेक्ष 22,086.08 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 69.5 प्रतिशत है। वैट के अन्तर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 के जुलाई माह तक निर्धारित लक्ष्य 9530.53 करोड़ रुपए के सापेक्ष 9002.35 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 94.5 प्रतिशत है। इसी प्रकार आबकारी के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य  18823.62 करोड़ रुपए के सापेक्ष 12974.32 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो 68.9 प्रतिशत है। स्टाम्प और निबन्धन के अन्तर्गत माह जुलाई, 2022 तक निर्धारित लक्ष्य 10,528.70 करोड़ रुपए के सापेक्ष  8,362.24 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 79.4 प्रतिशत है। इसी प्रकार परिवहन के अन्तर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष के जुलाई माह तक राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य 3,619.96 करोड़ रुपए के सापेक्ष 2,911.59 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 80.4 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भूतत्व और खनिकर्म के अन्तर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह जुलाई तक राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य 1,360.80 करोड़ रुपए के सापेक्ष 891.60 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 65.5 प्रतिशत है। 

    पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट देश में सबसे कम

    खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले प्रति लीटर वैट की दर देश के अन्य राज्यों की तुलना में कम है। वर्तमान में प्रदेश में पेट्रोल पर वैट 15.08 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर वैट 12.76 रुपए प्रति लीटर है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों का प्रबन्धन बेहतर रहा, जिसका परिणाम है कि आज प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां निरन्तर बेहतर हो रही हैं।