Pradhan Mantri Gram Sadak Yojana

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 के आय-व्ययक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (Pradhan Mantri Gram Sadak Yojana) के अन्तर्गत निर्मित मार्गों के अनुरक्षण के लिए प्राविधानित धनराशि 5000.00 लाख रुपए के सापेक्ष 37 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गयी है। इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश उत्तर प्रदेश शासन, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा निर्गत कर दिया गया है।

    जारी शासनादेश में मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उ.प्र. ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण को निर्देशित किया गया है कि निर्मित सम्पर्क मार्ग का हस्तान्तरण निर्माण के पांच वर्ष के उपरान्त लोक निर्माण विभाग को कर दिया जाएगा। स्वीकृत की जा रही धनराशि दो समान किश्तों में आहरित की जाएगी और प्रथम किश्त का 75 प्रतिशत उपयोग किए जाने के बाद द्वितीय किश्त का आहरण किया जाएगा।

    धनराशि का व्यय प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत गठित उ.प्र. ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण की नियमावली और इस सम्बन्ध में राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर निर्गत शासनादेशों के अनुसार किया जाएगा।  धनराशि के आहरण और व्यय में वित्तीय नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और व्यय धनराशि से सम्बन्धित उपयोगिता प्रमाण-पत्र सम्बन्धित अधिकारी / कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा।