प्रियंका गांधी वाड्रा (Photo Credits-ANI Twitter)
प्रियंका गांधी वाड्रा (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: यूपी चुनाव (UP Assembly Election 2022) के मद्देनजर प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने कांग्रेस का मेनिफेस्टो (Congress Manifesto) जारी कर दिया है। यह पार्टी का तीसरा घोषणापत्र है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में 20 लाख लोगों को रोजगार देने सहित कई वादे किये हैं। इस दौरान प्रियंका ने कहा कि हमने दूसरी पार्टियों की तरह अन्य पार्टियों के सुझाव लेकर अपने घोषणापत्र में नहीं डाले, हमने इसमें जो भी डाला है वो जनता की ही आवाज है।

    प्रियंका ने कहा कि हमने जितने भी घोषणा पत्र जारी किए हैं, उसमें दर्ज बातें आम जनता के सुझाव हैं। प्रदेश के लोगों से चर्चा करके ही ये सारे सुझाव आए हैं। हमने अपने घोषणा पत्र में यह दर्ज किया है कि हम प्रदेश का विकास कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की तरह हमारी सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। धान और गेहूं 2500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ना 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। बिजली का बिल आधा किया जाएगा और कोरोना काल का बकाया माफ किया जाएगा। 

    कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित परिवारों को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। पुलिस, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित सार्वजनिक क्षेत्र में 12 लाख का भारी-भरकम बैकलॉग भरा जाएगा। इसके अलावा आठ लाख और नौकरियां दी जाएंगी। 

    उन्होंने कहा कि स्कूल रसोइयों का वेतन बढ़ाकर 5000 किया जाएगा। कोरोना में जान गंवाने वाले कोविड योद्धाओं को 50 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। एडहॉक शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को अनुभव और नियमों के आधार पर नियमित किया जाएगा।  

    प्रियंका ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण दिया जाएगा। कोल समुदाय को आदिवासी जनजाति का दर्जा दिया जाएगा।

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने जा रही है। पिछले दिनों, सबसे पहले हमने महिलाओं के लिए प्रतिज्ञा जारी की, फिर युवाओं के लिए प्रतिज्ञा जारी की। आज हम समस्त प्रदेश के लिए आपके सामने नई प्रतिज्ञाएं सामने लाए हैं। साथ ही सलमान खुर्शीद ने कहा कि घोषणा पत्र सभी पार्टियां निकालती हैं लेकिन हमने प्रियंका जी के निर्देश पर जनता से संवाद किया, सभी जनपदों में पहुंचे, बहुत से लोगों के साथ चर्चाएं कीं, विशेषज्ञों की राय ली, विभिन्न समूहों और आम जनता से बात की। इसके बाद हमारा उन्नति विधान तैयार हुआ है।

    गौर हो कि यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस ने इससे पहले 21 जनवरी को भर्ती विधान और उससे पहले 8 दिसंबर को शक्ति विधान जारी किया गया था। दरअसल शक्ति विधान में महिलाओं को टिकट बंटवारे में 40 फीसदी आरक्षण देने की बात का ऐलान किया गया था। जबकि भर्ती विधान में 20 लाख नौकरी का वादा पार्टी ने किया है।