Akhilesh Yadav
File Photo: ANI

    Loading

    करहल (मैनपुरी)/ आगरा (उत्तर प्रदेश): समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के एक मजबूत दावेदार के तौर पर उभरने का दावा करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि लोगों को फोन पर धमकाया जा रहा है और सपा की सरकार बनने पर ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अखिलेश ने आगरा जिले के बाह इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसी का नाम लिए बगैर कहा “जब से सपा चुनाव में मजबूत दावेदार के तौर पर उभरी है तब से लोगों को फोन पर धमकी दी जा रही है। अगर किसी के पास ऐसी फोन कॉल आती है तो उसे रिकॉर्ड कर लें। मैं यह कहना चाहता हूं कि हमारे सत्ता में आने पर उसे एक मुकदमे के तौर पर लिया जाएगा।” 

    अखिलेश यादव ने आगरा जिले के बाह और एत्मादपुर के बाद मैनपुरी में अपने निर्वाचन क्षेत्र करहल में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए दावा किया कि यह चुनाव प्रदेश के भविष्य का चुनाव है, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्‍होंने दावा किया पहले चरण से ही भाजपा का सफाया होगा और पश्चिम में भाजपा का सूरज डूब जाएगा। सपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता को परेशानी दी है, किसानों नौजवानों को अपमानित किया है, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। 

    महंगाई और बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल दवा, इलाज खाद, बीज सब कुछ भाजपा सरकार ने महंगा कर दिया। इस सरकार ने बिजली का उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया लेकिन बिजली का बिल बढ़ा दिया। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को खराब कर दिया है। हाथरस में बेटी के साथ हुई घटना, लखीमपुर खीरी में किसानों की जीप से कुचलकर की गई हत्या, गोरखपुर में पुलिस द्वारा होटल में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या, ये घटनाएं दिल दहलाती है। 

    उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर में निर्दोषों की हत्या को प्रदेश की जनता भूल नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा “प्रदेश में विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के भविष्य और संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा कुछ भी कर सकती है और जब तक वह कुछ कर ना दे तब तक कोई कुछ जान भी नहीं पाता। क्या किसी को पता था कि नोटबंदी होगी?” सपा अध्यक्ष ने 10 मार्च (विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा वाले दिन) के बाद ‘गर्मी शांत’ करने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर तंज करते हुए कहा “मुख्यमंत्री गर्मी शांत करने की बात करते हैं लेकिन हम सिर्फ राज्य में युवाओं की पुलिस भर्ती की घोषणा की बात करेंगे।” 

    प्रदेश की भाजपा सरकार पर कोविड-19 महामारी के दौरान जनता को राहत देने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा, “उस मुश्किल वक्त में सपा द्वारा दी गई एंबुलेंस से मरीजों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन भाजपा सरकार उन मरीजों को जरूरी इंजेक्शन तक उपलब्ध नहीं करा सकी।” 

    अखिलेश ने कहा कि आगरा के बाह इलाके में सपा की सरकार ने मंदिरों का पुनरुद्धार कराया था और सपा गठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में बिजली की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और विकास कार्य तेजी से किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘भारत रत्न’ गायिका लता मंगेशकर के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी प्रदेश में उनके नाम से कुछ ना कुछ जरूर करेगी।